प्रदेश रूचि

मुख्यमंत्री निवास में मंत्री से संवाद, यशवंत जैन ने रखी कृषि और जनकल्याण की प्राथमिकताएं

बालोद | वीबी जी राम जी जन जागरण अभियान को ज़मीन तक पहुंचाने की दिशा में अभियान के प्रदेश संयोजक व महामंत्री यशवंत जैन की सक्रिय पहल अब राज्य स्तर पर असर दिखा रही है। रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में उन्होंने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात कर राज्य के कृषि, ग्रामीण रोजगार और जनकल्याण से जुड़े अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।

यशवंत जैन ने बताया कि भाजपा संगठन और सरकार के समन्वय से अभियान को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है। अब तक प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में बड़े जिला सम्मेलन पूरे हो चुके हैं, जिनमें सांसदों, विधायकों और जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी रही। अगले चरण में फरवरी माह के दौरान सभी मंडलों में सम्मेलन आयोजित होंगे, वहीं गांव स्तर पर चौपालों के माध्यम से लोगों को सीधे जोड़ा जाएगा।

उन्होंने बताया कि पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सहयोग से ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष ग्राम सभाएं आयोजित की गईं, जिनके माध्यम से अधिनियम की जानकारी और इसके लाभ ग्रामीणों तक पहुंचाए गए। अब तक प्रदेश की 11,772 ग्राम पंचायतों, 20,363 गांवों में 7 लाख 63 हजार से अधिक लोगों तक इस योजना की जानकारी पहुंच चुकी है।

इस अभियान का असर यह है कि किसानों और श्रमिकों के बीच उत्साह का माहौल बना है। गांवों में रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ-साथ स्थानीय जरूरतों और विकास से जुड़े काम गांव में ही होने की उम्मीद जगी है।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भाजपा संगठन और राज्य सरकार की इस संयुक्त पहल की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण सशक्तिकरण की दिशा में प्रभावी कदम बताया।
मुलाकात के दौरान राज्य के कृषि मंत्री राम विचार नेताम और स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!