Skip to main content

प्रदेश रूचि

दिवंगत विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा को उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित जनप्रतिनिधियों ने दी श्रद्धांजलि

भेंड्रा में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में पुष्प अर्पित कर किया नमन, शोकाकुल परिजनों से मिलकर बंधाया ढांढस

बालोद। दिवंगत विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए उनके गृह ग्राम भेंड्रा में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इसमें प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं बालोद जिले के प्रभारी मंत्री विजय शर्मा शामिल हुए। उनके साथ शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद विजय बघेल, विधायक ललित चंद्राकर, सतनामी समाज की गुरु दीदी प्रियंका, पूर्व विधायक सांवलाराम डाहरे और कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने दिवंगत विधायक को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित सभी लोगों ने डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित जनप्रतिनिधियों ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया तथा इस कठिन समय में अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने कहा कि डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का निधन समाज और जनजीवन के लिए अपूरणीय क्षति है। सार्वजनिक जीवन में उनका योगदान, जनसेवा के प्रति समर्पण और आम लोगों से उनका आत्मीय जुड़ाव हमेशा याद किया जाएगा। उनका सरल स्वभाव, स्नेहपूर्ण व्यवहार और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता लोगों के हृदय में सदैव बनी रहेगी।

श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित सभी लोगों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष तारणी पुष्पेंद्र चंद्राकर, नगर पालिका दल्लीराजहरा अध्यक्ष तोरन लाल साहू, नगर पंचायत गुंडरदेही अध्यक्ष प्रमोद जैन, पूर्व विधायक वीरेंद्र साहू, पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील कुमार चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर सुरेंद्र प्रसाद वैद्य एवं हरिवंश सिंह मिरी, एसडीएम टंकेश्वर प्रसाद साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!