बालोद। जिले के सेवा सहकारी समिति सतमरा से जुड़े किसानों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर से मुलाकात की और धान खरीदी से जुड़ी गंभीर समस्याओं से अवगत कराया। किसानों का कहना है कि सोसायटी में धान खरीदी के लिए टोकन समय से पहले बंद कर दिए जाने के कारण वे अपना धान बेचने से वंचित रह गए हैं।
किसानों ने कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन में बताया कि सेवा सहकारी समिति ग्राम सतमरा (पंजीयन क्रमांक 222), विकासखंड गुण्डरदेही के कई किसान ऑनलाइन एवं ऑफलाइन टोकन प्रक्रिया समय से पहले बंद हो जाने के कारण अब तक धान विक्रय नहीं कर पाए हैं। इससे किसानों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में शेष बचे किसानों के लिए जल्द से जल्द टोकन जारी कर धान खरीदी शुरू करने की मांग की गई है, ताकि किसानों को राहत मिल सके और उनकी उपज समय पर खरीदी जा सके।
इस दौरान नामदेव साहू, छत्रर साहू, कुंती बाई, भागवत राम, भरतलाल, पन्नालाल, राम खिलावन, अन्नपूर्णा साहू, टीकाराम साहू सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।




















