बालोद। जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम लगातार विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच और औचक निरीक्षण कर रही है। इसी अभियान के तहत विभाग ने तीन अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए एक जेसीबी, दो हाईवा और एक ट्रैक्टर सहित कुल चार वाहनों को जब्त किया है।

धरमपुरा में अवैध मुरुम उत्खनन, जेसीबी और हाईवा जब्त
खनिज विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 3 नवंबर को बालोद एवं डौण्डीलोहारा विकासखंड के विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान ग्राम धरमपुरा में मुरुम का अवैध उत्खनन एवं परिवहन करते हुए एक जेसीबी (क्रमांक CG 05 E 6003) और एक हाईवा (क्रमांक CG 07 BC 9844) को पकड़ा गया। दोनों वाहनों को जब्त कर सुरक्षार्थ थाना बालोद की अभिरक्षा में सौंप दिया गया।

फरदफोड़ में गिट्टी का अवैध परिवहन करते हाईवा पकड़ा
इसी कार्रवाई के दौरान ग्राम फरदफोड़ में गिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए एक अन्य हाईवा (क्रमांक CG 08 BH 5902) को जब्त किया गया। वाहन को सुरक्षार्थ पुलिस सहायता केंद्र मार्रीबंगला (देवरी) की अभिरक्षा में रखा गया है।

घोटिया में रेत का अवैध परिवहन, ट्रैक्टर जब्त
इससे पहले 2 नवंबर को डौण्डी विकासखंड के ग्राम घोटिया में खनिज विभाग की टीम ने निरीक्षण के दौरान रेत का अवैध परिवहन करते हुए नीले रंग का सोनालिका 745 DI ट्रैक्टर पकड़ा था। जब्त ट्रैक्टर को सुरक्षार्थ थाना डौण्डी की अभिरक्षा में रखा गया है।

खनिज अधिनियम के तहत होगी वैधानिक कार्रवाई
खनिज विभाग के अनुसार, जिले में अवैध उत्खनन और परिवहन से जुड़ी सूचनाओं एवं शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है। जब्त किए गए वाहनों और संबंधित प्रकरणों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 के प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी रोक लगाने के लिए निगरानी और पेट्रोलिंग का अभियान लगातार जारी रहेगा।













