बालोद। गुंडरदेही विधानसभा क्षेत्र में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा और कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर कांग्रेस ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ आवाज उठाई है। विधायक कुंवर सिंह निषाद ने क्षेत्र में नाबालिग बालिकाओं से दुष्कर्म, अवैध शराब बिक्री और अनुसूचित जाति वर्ग की महिला सरपंच के कथित जातिगत उत्पीड़न के मामलों को लेकर जिला पुलिस अधीक्षक बालोद को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने सभी मामलों में निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की मांग की है। साथ ही प्रदेश के गृहमंत्री एवं बालोद जिले के प्रभारी मंत्री विजय शर्मा का ध्यान भी कानून व्यवस्था की स्थिति की ओर आकर्षित कराया है।

विधायक निषाद ने ज्ञापन में गुंडरदेही थाना क्षेत्र के ग्राम देवरी (क) एवं परसदा (डंग), रनचिरई थाना क्षेत्र के ग्राम परसदा (मोखा) तथा अर्जुंदा थाना क्षेत्र के ग्राम परसतराई में नाबालिग बालिकाओं के साथ हुई दुष्कर्म की घटनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं अत्यंत गंभीर और चिंताजनक हैं। पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाना, आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और समयबद्ध कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करना होना चाहिए।
उन्होंने ग्राम राहुद में अवैध शराब बिक्री का मुद्दा उठाते हुए कहा कि गांवों में अवैध शराब का कारोबार सामाजिक वातावरण को प्रभावित करने के साथ अपराध और अशांति को भी बढ़ावा देता है। इस कारोबार में संलिप्त लोगों के साथ ही इसे संरक्षण देने वाले तत्वों की भी जांच होनी चाहिए।
इसी क्रम में सनौद चौकी क्षेत्र के ग्राम पंचायत सियनमरा की अनुसूचित जाति वर्ग की महिला सरपंच मंजू महिलांगे के साथ उपसरपंच एवं पंचों द्वारा कथित जातिगत प्रताड़ना का मामला भी ज्ञापन में शामिल किया गया। प्रताड़ना से आहत होकर महिला सरपंच द्वारा आत्महत्या का प्रयास किए जाने की घटना को गंभीर बताते हुए विधायक ने निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई और पीड़िता को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की।

विधायक कुंवर सिंह निषाद ने कहा कि मासूम बच्चियों और महिलाओं के विरुद्ध अपराध, अवैध शराब का कारोबार तथा निर्वाचित महिला जनप्रतिनिधि के साथ कथित जातिगत उत्पीड़न जैसे मामले कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं। पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी केवल घटना के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित कर आम जनता में सुरक्षा का विश्वास कायम करना भी है।
उन्होंने गृहमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री विजय शर्मा से गुंडरदेही विधानसभा सहित पूरे बालोद जिले में कानून व्यवस्था मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। वहीं पूर्व मंत्री एवं डौंडीलोहारा विधायक अनिला भेड़िया ने कहा कि क्षेत्र की जनता, बेटियों और महिलाओं की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस लगातार आवाज उठाती रहेगी और जरूरत पड़ने पर सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी गुंडरदेही के अध्यक्ष कचरू साहू, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बालोद शहर के अध्यक्ष अंचल प्रकाश साहू, नगर पालिका बालोद के नेता प्रतिपक्ष कासिमुद्दीन कुरैशी, पार्षद विनोद बंटी शर्मा सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।













