Skip to main content

प्रदेश रूचि

बालोद जिला अस्पताल की बदहाल व्यवस्था पर युवा कांग्रेस का हल्लाबोल, स्वास्थ्य मंत्री का प्रतीकात्मक शव रखकर जताया विरोध

7 दिन का अल्टीमेटम, सात सूत्रीय मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी

बालोद। जिला अस्पताल बालोद की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था, डॉक्टरों की कथित मनमानी और मरीजों को हो रही परेशानियों को लेकर जिला युवा कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का प्रतीकात्मक शव रखकर शोकसभा आयोजित की और अस्पताल की व्यवस्थाओं के प्रति नाराजगी जताई। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी माली को सात सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपते हुए समस्याओं के निराकरण के लिए सात दिनों का अल्टीमेटम दिया गया।

डॉक्टरों की अनुपस्थिति और रेफरल व्यवस्था पर उठाए सवाल

जिला युवा कांग्रेस ने जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि अस्पताल में डॉक्टरों की समय पर अनुपस्थिति, मरीजों के साथ सम्मानजनक व्यवहार की कमी और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव आम लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। युवा कांग्रेस ने सरकारी अस्पताल में पदस्थ डॉक्टरों द्वारा निजी क्लीनिकों को प्राथमिकता दिए जाने की शिकायतों का भी उल्लेख किया।

संगठन का कहना है कि जिला अस्पताल में बेहतर उपचार की उम्मीद लेकर पहुंचने वाले गरीब, मजदूर, किसान और मध्यमवर्गीय परिवारों को यदि समुचित चिकित्सा सुविधाएं नहीं मिलतीं, तो उनके सामने गंभीर संकट खड़ा हो जाता है। युवा कांग्रेस ने आरोप लगाया कि जिला अस्पताल की स्थिति ऐसी होती जा रही है कि मरीजों को उपचार उपलब्ध कराने के बजाय दूसरे अस्पतालों में रेफर करना पड़ रहा है।

प्रतीकात्मक शोकसभा के जरिए स्वास्थ्य मंत्री पर निशाना

जिला अस्पताल की बदहाल व्यवस्था के विरोध में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का प्रतीकात्मक शव रखकर आयोजित शोकसभा के माध्यम से युवा कांग्रेस ने स्वास्थ्य विभाग और शासन-प्रशासन के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर की। संगठन ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री को अपने पद की जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए बालोद जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार सुनिश्चित करना चाहिए।

युवा कांग्रेस का कहना है कि केवल घोषणाओं और कागजी व्यवस्थाओं से मरीजों को राहत नहीं मिलेगी। अस्पताल में डॉक्टरों की उपलब्धता, बेहतर चिकित्सा सुविधाएं और मरीजों को समय पर उपचार मिलना सुनिश्चित करना आवश्यक है।

सात दिन का अल्टीमेटम, कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन

प्रदर्शन के दौरान जिला युवा कांग्रेस ने स्वास्थ्य विभाग को सात सूत्रीय मांगों पर कार्रवाई के लिए सात दिनों का अल्टीमेटम दिया। संगठन ने चेतावनी दी कि निर्धारित समय सीमा में मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होने पर जिला अस्पताल के सामने व्यापक आंदोलन किया जाएगा। युवा कांग्रेस ने कहा कि ऐसी स्थिति में इसकी जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग और शासन-प्रशासन की होगी।

जिला युवा कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि उसका विरोध किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि जिले की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से है। संगठन के मुताबिक, जिला अस्पताल की व्यवस्था में सुधार होने तक मरीजों के हितों को लेकर संघर्ष जारी रहेगा।

ये कार्यकर्ता और नागरिक रहे मौजूद

प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रशांत बाला बोकाडे, शहर अध्यक्ष साजन पटेल, ब्लॉक अध्यक्ष मोहनीष पार्कर, पार्षद सुमित शर्मा सहित सानू पाल, देवेंद्र साहू, हिमांशु सोनी, समीर खान, फरहान खान, फैज अली, हर्ष लालवानी, अंश योगी, हिमांशु कुंबज, आर्यन साहू, लोकेश सिन्हा तथा बालोद के अन्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!