भारत स्काउट एवं गाइड छत्तीसगढ़ के इस आयोजन को केवल एक प्रार्थना सभा तक सीमित नहीं, बल्कि आपसी सद्भाव, भाईचारे और एकता की भावना को मजबूत करने की पहल के रूप में देखा जा रहा है। अलग-अलग पृष्ठभूमि से आने वाले प्रतिभागी एक साथ प्रार्थना के माध्यम से सामाजिक समरसता और मानवीय मूल्यों का संदेश देंगे।

रवानगी कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ के उपाध्यक्ष यज्ञ शर्मा, जिला स्काउट-गाइड मुख्य आयुक्त राकेश यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख, जिला पंचायत उपाध्यक्ष तोमन साहू, कृष्णकांत पवार, शहीद खान और जिला स्काउट-गाइड डीओसी चंद्राकर सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि स्काउट-गाइड की गतिविधियां बच्चों और युवाओं में अनुशासन, सेवा, सहयोग और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का माध्यम हैं। सर्वधर्म प्रार्थना सभा जैसे आयोजन युवाओं को विविधताओं के बीच एकता और परस्पर सम्मान का महत्व समझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
बालोद से रवाना हुआ दल अपने साथ सिर्फ आयोजन में भागीदारी का उत्साह ही नहीं, बल्कि सद्भाव और एकता का संदेश भी लेकर निकला है। कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने दल के सदस्यों को शुभकामनाएं दीं और सुरक्षित यात्रा की कामना की।













