Skip to main content

प्रदेश रूचि

बालोद में छात्रा पर एसिड अटैक से सनसनी, चेहरा और दोनों आंखें झुलसीं,आरोपी की तलाश में पुलिस की कई टीमें सक्रिय

लाइब्रेरी से लौटते समय रास्ता रोककर हमला, दाईं आंख की स्थिति गंभीर; आरोपी की तलाश में पुलिस की कई टीमें सक्रिय

बालोद। जिला मुख्यालय में सोमवार को दिनदहाड़े 22 वर्षीय कॉलेज छात्रा पर हुए एसिड अटैक ने पूरे शहर को झकझोर दिया है। आमापारा स्थित ई-पुस्तकालय से पढ़ाई कर घर लौट रही छात्रा को रास्ते में रोककर अज्ञात युवक ने उसके चेहरे पर एसिड फेंक दिया। हमले में छात्रा का चेहरा, दोनों आंखें और एक हाथ गंभीर रूप से झुलस गया। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसे रायपुर रेफर किया गया, जहां फिलहाल उसका उपचार जारी है।

AI सांकेतिक तस्वीर

पढ़ाई कर लौट रही थी छात्रा, अचानक रोककर किया हमला

जानकारी के अनुसार छात्रा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है। सोमवार को वह आमापारा स्थित ई-पुस्तकालय में पढ़ाई करने गई थी। शाम को घर लौटते समय रास्ते में एक युवक ने उसका रास्ता रोका और अचानक उस पर एसिड फेंक दिया। अचानक हुए हमले के बाद छात्रा गंभीर रूप से झुलस गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आरोपी ने सफेद रंग की शर्ट पहन रखी थी और हमले के बाद तांदुला बांध की ओर भागने की सूचना है। पुलिस इस हुलिए और घटनास्थल से मिले सुरागों के आधार पर उसकी तलाश कर रही है।

चेहरे और आंखों पर गंभीर असर, दाईं आंख की स्थिति चिंताजनक

रायपुर में चल रहे उपचार से सामने आई प्रारंभिक मेडिकल जानकारी के अनुसार एसिड से छात्रा के शरीर का एक सीमित हिस्सा प्रभावित हुआ है। चेहरे पर गंभीर असर पड़ा है और दोनों आंखें भी एसिड की चपेट में आई हैं। इनमें दाईं आंख की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। एक हाथ भी झुलसने की जानकारी सामने आई है।

छात्रा को बेहतर उपचार के लिए रायपुर के डीकेएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।

 रासायनिक हमले के पीछे क्या वजह? जांच के केंद्र में कई सवाल

पुलिस अब सिर्फ आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि इस बात की भी जांच कर रही है कि हमले में इस्तेमाल किया गया रासायनिक पदार्थ कितना खतरनाक है और ये रासायनिक पदार्थ आरोपी तक कैसे पहुंचा और उसने छात्रा को ही निशाना क्यों बनाया। हमले की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।

घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटा रही है। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

एसपी खुद संभाल रहे जांच की कमान

मामले की गंभीरता को देखते हुए बालोद पुलिस अधीक्षक ने जांच की कमान खुद संभाल ली है। एसपी लगातार पूरे घटनाक्रम की मॉनिटरिंग कर रहे हैं और पुलिस बल के साथ अलग-अलग संभावित स्थानों पर पहुंचकर आरोपी की तलाश से जुड़ी कार्रवाई का जायजा ले रहे हैं।

पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश में लगातार सक्रिय हैं। संभावित ठिकानों के साथ शहर और आसपास के इलाकों में भी पुलिस की कवायद जारी है। सूत्रों के अनुसार पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिलने की बात सामने आ रही है और मामले में जल्द खुलासा किए जाने की संभावना है।

रिहायशी और व्यस्ततम इलाके में हुई वारदात, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

इस घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस क्षेत्र में छात्रा पर हमला हुआ, उसके आसपास ही साइबर सेल और पुलिस कंट्रोल रूम मौजूद हैं। करीब 400 मीटर के दायरे में कोतवाली थाना, कलेक्टर निवास सहित कई प्रमुख सरकारी कार्यालय और अधिकारियों के आवास भी हैं।

ऐसे संवेदनशील और व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े एक युवती को रोककर एसिड अटैक किया जाना और आसानी से फरार हो जाना जो पुलिसिंग और शहर की सुरक्षा व्यवस्था के सामने बड़ा सवाल खड़ा करता है। अब निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं कि आखिर आरोपी कौन है, उसने यह हमला क्यों किया और इतनी गंभीर वारदात को अंजाम देने के बाद वह पुलिस की पकड़ से कैसे बाहर निकल गया।

फिलहाल बालोद पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश और तकनीकी जांच में जुटी है। मामले में पुलिस जल्द ही आधिकारिक खुलासा कर सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!