तहसील अध्यक्ष प्रेम साहू, उपाध्यक्ष जयंत साहू तथा तहसील एवं परिक्षेत्रीय साहू संघ के पदाधिकारियों के संयुक्त प्रयास से आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश एवं जिला स्तर के 10 प्रमुख वक्ताओं ने विभिन्न सामाजिक और समसामयिक विषयों पर विचार रखे। कार्यशाला का प्रमुख उद्देश्य समाज को संस्कारों से जोड़ने के साथ सामाजिक चुनौतियों के प्रति जागरूक करना और उनके समाधान के लिए सामूहिक जिम्मेदारी विकसित करना रहा।

कुरीतियों के उन्मूलन से लेकर सामाजिक नियमावली तक हुई चर्चा
कार्यक्रम के प्रथम चरण में आयोजित सामाजिक आमसभा में समाज के संस्कार, सामाजिक नियमावली, सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। मुख्य अतिथि जिला साहू संघ अध्यक्ष महेन्द्र साहू ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि समाज की एकता और संगठनात्मक मजबूती के लिए ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने तहसील एवं परिक्षेत्रीय पदाधिकारियों से सामाजिक जागरूकता और संगठन को मजबूत बनाने वाले कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का आह्वान किया।
प्रदेश साहू संघ के पूर्व अध्यक्ष टहल सिंह साहू ने सामाजिक कुरीतियों के निर्मूलन पर जोर देते हुए कहा कि इसके लिए तहसील, परिक्षेत्र और ग्राम स्तर पर प्रभावी सामाजिक नियम बनाए जाने की आवश्यकता है। कोषाध्यक्ष गोपाल साहू ने राजनीति में समाज की भूमिका पर विचार रखे, वहीं प्रमुख सलाहकार पवन साहू ने सामाजिक नियमावली और संस्कारों के महत्व को रेखांकित किया। पूर्व उपाध्यक्ष जितेन्द्र साहू ने अंतरजातीय विवाह, धर्मांतरण और घर वापसी जैसे संवेदनशील विषयों पर विचार रखते हुए सामाजिक नियमों के पालन पर जोर दिया।

युवाओं और मातृशक्ति की भागीदारी को बताया समाज की ताकत
कार्यशाला में समाज के विकास में युवाओं और महिलाओं की भूमिका को विशेष महत्व दिया गया। भारतीय रेडक्रास सोसायटी के चेयरमैन तोमन साहू ने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी के बिना समाज का समग्र विकास संभव नहीं है। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष प्रतिभा साहू ने सामाजिक गतिविधियों में मातृशक्ति की भागीदारी को आवश्यक बताते हुए महिलाओं की भूमिका और उनके योगदान पर अपने अनुभव साझा किए।
ग्राम लाटाबोड़ निवासी एवं वर्तमान में जिला मुख्यालय में एसडीओपी के पद पर पदस्थ विनय साहू ने साइबर अपराधों के बढ़ते खतरे पर समाजजनों को जागरूक किया। उन्होंने मोबाइल फोन के अनियंत्रित उपयोग, ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए डिजिटल लेनदेन एवं सोशल मीडिया के उपयोग में सतर्कता बरतने की अपील की।
महिला एवं बाल विकास विभाग बालोद के गजानंद साहू ने परिवार परामर्श और बाल विवाह के दुष्परिणामों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बालोद जिले को बाल विवाह मुक्त जिला बनने पर समाजजनों को बधाई देते हुए इस उपलब्धि को बनाए रखने के लिए सामाजिक सहभागिता और निरंतर जागरूकता की आवश्यकता बताई।
वन विभाग के एसडीओ किशोरी साहू ने युवाओं को कैरियर निर्माण के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि निर्धारित लक्ष्य, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास और निरंतर मेहनत के माध्यम से युवा अपने भविष्य को बेहतर बना सकते हैं।

सामाजिक जिम्मेदारी और सामूहिक सहभागिता का संदेश
समारोह के अंतिम चरण में उपाध्यक्ष जयंत साहू ने अतिथियों एवं समाजजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। तहसील अध्यक्ष प्रेम साहू ने जिला साहू संघ, तहसील एवं परिक्षेत्रीय पदाधिकारियों, आजीवन सदस्यों, ग्रामीण पदाधिकारियों और आयोजन में सहभागी सभी समाजजनों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि सामाजिक संगठन केवल मेल-मिलाप और आयोजनों तक सीमित न रहकर शिक्षा, संस्कार, महिला सशक्तीकरण, युवा मार्गदर्शन, साइबर जागरूकता और सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन जैसे विषयों पर भी सक्रिय भूमिका निभाएं। समाज की वास्तविक मजबूती आपसी एकता के साथ जिम्मेदारियों के निर्वहन और सकारात्मक बदलाव की सामूहिक पहल से ही संभव है।













