Skip to main content

प्रदेश रूचि

बालोद में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, मुख्य निर्वाचन आयुक्त को हटाने और स्वतंत्र जांच की मांग, जयस्तंभ चौक पर पुतला दहन

 बालोद। भारतीय लोकतंत्र और निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता से जुड़े मुद्दों को लेकर सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी बालोद ने विरोध प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने शहर में विरोध मार्च निकालते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम अपर कलेक्टर अजय किशोर लकरा को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल पद से हटाने, उनके कार्यकाल के दौरान लिए गए निर्णयों तथा मतदाता सूची में किए गए बदलावों की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि निर्वाचन प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मामलों को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

हालांकि, निर्वाचन आयोग ने इन आरोपों पर पहले भी अपना पक्ष रखते हुए कहा है कि आयोग के निर्णय सभी तीनों निर्वाचन आयुक्तों की सामूहिक मंजूरी से लिए जाते हैं और निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया जाता है।

 जयस्तंभ चौक पर किया पुतला दहन

ज्ञापन सौंपने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता जयस्तंभ चौक पहुंचे, जहां मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता, मतदाता अधिकारों की सुरक्षा और लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता से जुड़े मुद्दों को लेकर नारेबाजी करते हुए अपनी मांगें दोहराईं।

जिला कांग्रेस कमेटी ने कहा कि पार्टी संविधान, लोकतंत्र और मतदाता अधिकारों की रक्षा के लिए अपना संघर्ष आगे भी जारी रखेगी।

 

  तीनों विधायक रहे मौजूद

प्रदर्शन में डौंडीलोहारा विधायक अनिला भेड़िया, संजारी-बालोद विधायक एवं प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष संगीता सिन्हा, गुंडरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद सहित जिला कांग्रेस के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। विरोध प्रदर्शन के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर और जयस्तंभ चौक पर सुरक्षा व्यवस्था भी तैनात रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!