पटाखा दुकानों की खबरों के बाद रवि भूतड़ा को बनाया गया निशाना
मामले की पृष्ठभूमि दीपावली के दौरान सरदार पटेल मैदान में संचालित पटाखा दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था एवं नियमों के पालन से जुड़ी खबरों से संबंधित है। इस विषय पर पत्रकार रवि भूतड़ा के अलावा जिले के अन्य स्थानीय पत्रकारों ने भी समाचार प्रकाशित किए थे। इसके बावजूद मोबाइल नंबर 94*****86 से सलीम चौहान नाम की प्रोफाइल के माध्यम से सोशल मीडिया के विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुपों में कथित तौर पर केवल रवि भूतड़ा को व्यक्तिगत रूप से निशाना बनाते हुए आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित की गई। पोस्ट में उन पर अवैध वसूली सहित अन्य गंभीर आरोप लगाए गए। जिला प्रेस क्लब ने इसे दुर्भावनापूर्ण तरीके से पत्रकार की सामाजिक एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठा धूमिल करने तथा जनहित के मुद्दे उठाने से हतोत्साहित करने का प्रयास बताया है।
विवाद से कोई संबंध नहीं, फिर भी राहुल भूतड़ा और परिवार को घसीटा
इस पूरे घटनाक्रम का एक और गंभीर एवं संवेदनशील पहलू सामने आया है। जिस पटाखा दुकानों की खबर को लेकर विवाद खड़ा किया गया, उससे किसी प्रकार का प्रत्यक्ष संबंध नहीं रखने वाले राहुल भूतड़ा को भी सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से निशाना बनाया गया। इतना ही नहीं, उनके पिता और परिवार की बुजुर्ग दादी के विरुद्ध भी अभद्र एवं आपत्तिजनक टिप्पणियां किए जाने की बात सामने आई है।
बताया गया है कि संबंधित बुजुर्ग महिला की उम्र लगभग 87 वर्ष है। वह क्षेत्र में समाज की वरिष्ठ मार्गदर्शक के रूप में सम्मानित हैं। वह पूर्व में सरपंच का दायित्व भी निभा चुकी हैं और वर्तमान में भी करहीभदर पंचायत की पंच हैं। ऐसी वरिष्ठ एवं सम्मानित महिला के प्रति सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी किए जाने से स्थानीय स्तर पर नाराजगी देखी जा रही है। जिला प्रेस क्लब ने इस पहलू को भी गंभीरता से उठाते हुए कहा कि किसी पत्रकार से मतभेद होने पर उसके परिवार के अन्य सदस्यों और सम्मानित बुजुर्गों को निशाना बनाना किसी भी दृष्टि से उचित नहीं है।

एसपी को सौंपा ज्ञापन, साइबर जांच और सुरक्षा की मांग
जिला प्रेस क्लब ने पुलिस अधीक्षक को सौंपे ज्ञापन में संबंधित मोबाइल नंबर एवं सोशल मीडिया अकाउंट के वास्तविक उपयोगकर्ता की पहचान, आपत्तिजनक पोस्ट के डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित करने तथा पोस्ट तैयार करने और प्रसारित करने में शामिल लोगों की भूमिका की निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही भारतीय न्याय संहिता एवं अन्य लागू कानूनों के तहत उचित वैधानिक कार्रवाई करने तथा पत्रकार रवि भूतड़ा और उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है। उल्लेखनीय है कि रवि भूतड़ा इस संबंध में पहले ही थाना सिटी कोतवाली, बालोद में लिखित शिकायत दर्ज करा चुके हैं।
अन्य पत्रकार संगठन और सामाजिक संगठन भी कर सकते हैं शिकायत
मामले को लेकर पत्रकारों और सामाजिक स्तर पर भी नाराजगी सामने आ रही है। जानकारी के अनुसार, इस घटनाक्रम के विरोध में अन्य पत्रकार समूहों एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि भी अगले कार्यालयीन दिवस पर पुलिस प्रशासन के समक्ष शिकायत प्रस्तुत कर सकते हैं। यदि ऐसा होता है तो यह मामला केवल एक पत्रकार की शिकायत तक सीमित न रहकर पत्रकारों की प्रतिष्ठा, परिवार के सम्मान और सोशल मीडिया पर जिम्मेदार व्यवहार से जुड़ा व्यापक विषय बन सकता है।
जिला प्रेस क्लब ने कहा—पत्रकारिता पर दबाव और परिवार को निशाना बनाना बर्दाश्त नहीं
जिला प्रेस क्लब ने स्पष्ट किया कि जनहित में समाचार प्रकाशित करना पत्रकार का पेशेवर एवं सामाजिक दायित्व है। किसी समाचार से असहमति होने पर संबंधित व्यक्ति को अपना पक्ष रखने और कानूनी प्रक्रिया अपनाने का पूरा अधिकार है, लेकिन किसी एक पत्रकार को चुनकर बदनाम करना, उसके परिवार को विवाद में घसीटना और बुजुर्ग महिला के प्रति अभद्र टिप्पणी करना गंभीर चिंता का विषय है। स्वतंत्र पत्रकारिता के वातावरण को प्रभावित करने वाले ऐसे प्रयासों पर निष्पक्ष जांच और वैधानिक कार्रवाई आवश्यक है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला प्रेस क्लब अध्यक्ष संतोष साहू, संरक्षक ओम टुवानी, महासचिव राहुल भूतड़ा, रवि भूतड़ा, अरुण उपाध्याय, नरेश श्रीवास्तव, सुप्रीत शर्मा, शंकर साहू, विनोद जैन, जागेश्वर सिन्हा, मोहनदास मानिकपुरी सहित अन्य पत्रकार साथी उपस्थित रहे। पुलिस अधीक्षक द्वारा दिए गए कार्रवाई के आश्वासन के बाद अब मामले में पुलिस जांच और आगामी कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।













