जिला कांग्रेस कमेटी बालोद के प्रवक्ता मोंटू चंद्राकर ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर आरोप लगाया कि संबंधित विभाग और प्रशासन समस्या के प्रति गंभीर नहीं हैं। उनका कहना है कि जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी कई दिनों तक अंडरब्रिज में जमा रहता है, जिससे दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार यह मार्ग क्षेत्र की जीवनरेखा है। इसी रास्ते से बच्चे स्कूल पहुंचते हैं, मजदूर रोजी-रोटी के लिए गुण्डरदेही जाते हैं और मरीज उपचार के लिए अस्पताल पहुंचते हैं। सात दिनों से रास्ता प्रभावित होने के कारण लोगों को लंबा चक्कर लगाने या पानी के बीच से गुजरने की मजबूरी झेलनी पड़ रही है।
मोंटू चंद्राकर ने प्रशासन से मांग की है कि अंडरब्रिज से तत्काल पानी निकासी कराई जाए, जलभराव वाले क्षेत्र की सफाई की जाए और भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए स्थायी जल निकासी व्यवस्था विकसित की जाए।
उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान लोगों को राहत दिलाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो स्थानीय लोगों द्वारा चक्काजाम जैसे आंदोलन किए जा सकते हैं, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।













