Skip to main content

प्रदेश रूचि

मरकाटोला घाट में मौत का तांडव: खराब खड़ी माज़दा को ट्रक ने रौंदा, 6 की मौत, 7 घायल, सीएम और डिप्टी सीएम ने जताया शोक

कवर्धा से जगदलपुर जा रहे यात्रियों के साथ हादसा; चालक फरार, सीएम और डिप्टी सीएम ने जताया शोक

बालोद। बालोद जिले के मरकाटोला घाट में शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। कवर्धा से जगदलपुर जा रही एक खराब खड़ी स्वराज माज़दा को पीछे से तेज रफ्तार 16 पहिया ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि माज़दा वाहन कई मीटर तक घिसटता चला गया और ट्रक भी पलट गया। हादसे में अब तक छह लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि सात घायल जिला अस्पताल धमतरी में उपचाराधीन हैं। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, स्वराज माज़दा वाहन क्रमांक CG10 BU 7174 कवर्धा से जगदलपुर की ओर जा रहा था। सुबह मरकाटोला घाट के पास वाहन खराब होने पर उसे सड़क किनारे खड़ा कर दिया गया। वाहन में कुल 13 यात्री सवार थे, जिनमें से दो लोग मैकेनिक लाने धमतरी की ओर चले गए थे। इसी दौरान सुबह करीब 11:30 बजे रायपुर से जगदलपुर जा रहा गेहूं से लदा 16 पहिया टाटा ट्रक क्रमांक CG04 QY 5947 अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी माज़दा से पीछे से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक माज़दा को कुछ दूरी तक घसीटते हुए ले गया और बाद में स्वयं भी पलट गया।

हादसे में दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 घायलों को तत्काल जिला अस्पताल धमतरी भेजा गया। वहां उपचार के दौरान गंभीर रूप से घायल चार अन्य लोगों ने भी दम तोड़ दिया। इस तरह मृतकों की संख्या बढ़कर छह हो गई, जबकि सात घायलों का इलाज जारी है। पुलिस मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया पूरी कर रही है। आधिकारिक सूची जारी होने के बाद सभी नाम सार्वजनिक किए जाएंगे।

दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ट्रक चालक की लापरवाही को हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है, हालांकि दुर्घटना के सभी पहलुओं की विस्तृत जांच जारी है।

इस दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए अधिकारियों को सभी घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दुःख की घड़ी में छत्तीसगढ़ सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।

https://x.com/vijaysharmacg/status/2103441264398258575

वहीं, उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने भी हादसे पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल में भर्ती सभी घायलों का बेहतर और समुचित उपचार सुनिश्चित किया जाए तथा इलाज में किसी भी प्रकार की कमी न रहने पाए। उन्होंने दिवंगतों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

मरकाटोला घाट में हुए इस भीषण हादसे के बाद बालोद, धमतरी और कवर्धा सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की गहन जांच के साथ फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!