Skip to main content

प्रदेश रूचि

दीपों की रोशनी से जगमगाया बालोद, आस्था और लोक संस्कृति के रंग में रंगा दीपोत्सव

मां लक्ष्मी की आराधना के साथ गांव-गांव में गूंजे गौरा-गौरी विवाह के गीत, पारंपरिक उल्लास के बीच निकली विसर्जन शोभायात्रा; गोवर्धन पूजा की तैयारियों ने बढ़ाई पर्व की रौनक

बालोद। रोशनी, उमंग और खुशियों का पर्व दीपावली बालोद जिले में पूरे हर्षोल्लास और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। शहर से लेकर गांवों तक दीपों की जगमगाहट ने हर घर-आंगन को रोशन कर दिया। कहीं आकर्षक विद्युत सजावट और रंग-बिरंगी रोशनी ने लोगों का मन मोह लिया तो कहीं मिट्टी के दीयों की लौ ने दीपोत्सव की पारंपरिक छटा बिखेरी। घरों और प्रतिष्ठानों में विधि-विधान से मां लक्ष्मी एवं भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि, खुशहाली और उन्नति की कामना की गई। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर उम्र के लोगों में पर्व को लेकर खास उत्साह देखने को मिला।

इस बार बालोद की दीपावली केवल दीपों की रोशनी और आतिशबाजी तक सीमित नहीं रही, बल्कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत की झलक भी जगह-जगह देखने को मिली। दीपावली के साथ ही जिले में भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह उत्सव के रूप में मनाए जाने वाले पारंपरिक गौरा-गौरी पर्व की विशेष धूम रही। गांवों में चार दिनों तक विवाह की अलग-अलग रस्में निभाई गईं। पारंपरिक गीत-संगीत, रीति-रिवाज और सामूहिक सहभागिता ने इस पर्व को खास बना दिया।

कुंवारी मिट्टी से बनीं गौरा-गौरी की प्रतिमाएं, गीतों से गूंजे गांव

छत्तीसगढ़ की लोक आस्था से जुड़े गौरा-गौरी पर्व में परंपरा के अनुसार गांव के तालाब से लाई गई कुंवारी मिट्टी से भगवान शिव और माता पार्वती की प्रतिमाएं तैयार की गईं। दीपावली की रात मां लक्ष्मी की पूजा के बाद गौरा-गौरी विवाह की रस्में शुरू हुईं। गौरा पक्ष के ग्रामीण पारंपरिक बारात लेकर गौरी पक्ष के घर पहुंचे, जहां पूरे उत्साह और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ बारात का स्वागत किया गया। महिलाओं ने गौरा-गौरी के पारंपरिक विवाह गीत गाए। ढोल-मांदर और लोक संगीत की गूंज के बीच पूरा माहौल भक्तिमय और उत्सवमय बना रहा।

कलश यात्रा और दूधफरा प्रसाद ने बढ़ाई सांस्कृतिक छटा

गौरा-गौरी पर्व के दौरान कुंवारी कन्याओं द्वारा सिर पर कलश रखकर गांव और मोहल्लों में भ्रमण करने की परंपरा भी निभाई गई। टोकरीनुमा कलश में दूध में उबाले गए चावल के आटे से तैयार पारंपरिक प्रसाद ‘दूधफरा’ रखा गया, जिसे गौरा-गौरी को अर्पित किया गया। अगले दिन ग्रामीणों ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया। विवाह की सभी रस्में संपन्न होने के बाद गौरा-गौरी की प्रतिमाओं को विधि-विधान से गौरा चौरा में स्थापित किया गया।

गड़वा बाजा की धुन पर झूमे ग्रामीण, निकली विसर्जन शोभायात्रा

बालोद शहर सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों में भी गौरा-गौरी पर्व का उल्लास देखते ही बना। सोमवार को पूजा-अर्चना और परंपरागत रस्मों के बाद गौरा-गौरी प्रतिमाओं की विसर्जन शोभायात्रा निकाली गई। गड़वा बाजा की पारंपरिक धुन, लोकगीतों और नृत्य के बीच ग्रामीण पूरे उत्साह से शोभायात्रा में शामिल हुए। इस दौरान ग्रामीणों और बैगाओं ने पारंपरिक सोंटा भी लिया। विशेषकर आदिवासी बहुल क्षेत्रों में इस पर्व को लेकर गहरी आस्था और उत्साह देखने को मिला। गौरा-गौरी पर्व छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, सामाजिक समरसता और सामूहिक एकजुटता का जीवंत प्रतीक है, जो पीढ़ी-दर-पीढ़ी हमारी सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ा रहा है।

गोवर्धन पूजा को लेकर भी गांवों में उत्साह

दीपावली के तीसरे दिन मंगलवार को जिलेभर में गोवर्धन पूजा की परंपरा निभाई जाएगी। रावत एवं ठेठवार समाज के लोग डांग-डोरी लेकर पारंपरिक दोहे गाते और नृत्य करते हुए गांवों की गलियों से गुजरेंगे। इसके बाद गौठान स्थित साहड़ा देव में गोवर्धन पर्वत तथा गाय-बछड़े की पूजा-अर्चना की जाएगी। परंपरा के अनुसार बछड़े को गोबर पर चलाया जाएगा और ग्रामीण उसी गोबर का तिलक लगाकर एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं देंगे।

धार्मिक मान्यता के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत उठाकर इंद्र के अहंकार का मर्दन किया था और प्रकृति, पर्यावरण एवं गौधन के संरक्षण का संदेश दिया था। यही वजह है कि गोवर्धन पूजा धार्मिक आस्था के साथ प्रकृति और पशुधन के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का भी पर्व है।

सोशल मीडिया पर छाई बालोद की दीपावली की तस्वीर

इस बीच दीपावली की रात रोशनी से नहाए बालोद शहर की एक खूबसूरत तस्वीर सोशल मीडिया पर भी लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही है। सोशल मीडिया पेज ‘बालोद सिटी (BALOD CT)’ पर स्थानीय सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर तनवीर खान द्वारा साझा की गई इस तस्वीर को शहरवासियों के साथ आसपास के लोगों ने भी खूब पसंद किया। तस्वीर में रोशनी से सजे शहर की खूबसूरती और दीपोत्सव का उत्साह नजर आया। सोशल मीडिया पर साझा इस दृश्य ने बालोद की दीपावली की रौनक को और खास बना दिया।

कुल मिलाकर बालोद जिले में दीपावली का उत्सव केवल एक धार्मिक पर्व बनकर नहीं रहा, बल्कि मां लक्ष्मी की आराधना, गौरा-गौरी विवाह की लोक परंपरा, गड़वा बाजा की थाप और गोवर्धन पूजा की आस्था ने इसे सांस्कृतिक उत्सव का स्वरूप दे दिया। आधुनिक रोशनी और सोशल मीडिया के दौर में भी गांवों की पारंपरिक रस्मों का जीवंत बने रहना इस बात का प्रमाण है कि छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति आज भी लोगों के जीवन और उत्सवों में गहराई से रची-बसी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!