Skip to main content

प्रदेश रूचि

पारिवारिक विवाद में मामा ससुर की कुल्हाड़ी मारकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

महामाया पुलिस ने चंद घंटों में सुलझाया मामला, हत्या में प्रयुक्त टंगिया जब्त; आरोपी को भेजा जेल

बालोद। जिले के महामाया थाना क्षेत्र के ग्राम आड़ेझर में पारिवारिक विवाद के दौरान एक बुजुर्ग की कुल्हाड़ी (टंगिया) से हमला कर हत्या करने का मामला सामने आया है। घटना में 65 वर्षीय रतिराम नेताम की उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए महामाया पुलिस ने आरोपी सुखुराम मंडावी (45 वर्ष) को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी जब्त कर ली है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 7 नवंबर 2026 की रात की है। ग्राम आड़ेझर निवासी सुखुराम मंडावी अपनी पत्नी पवन बाई मंडावी के साथ पारिवारिक बातों को लेकर विवाद और झगड़ा कर रहा था। घर में हो रहे विवाद और शोरगुल को सुनकर आरोपी का मामा ससुर रतिराम नेताम (65 वर्ष) मौके पर पहुंचे और दोनों को समझाइश देते हुए झगड़ा शांत करने की बात कही।

बताया गया कि बुजुर्ग द्वारा समझाइश दिए जाने पर आरोपी आक्रोशित हो गया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि गुस्से में आकर सुखुराम ने जान से मारने की नीयत से घर में रखी कुल्हाड़ी से रतिराम नेताम के सिर पर वार कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े।

परिजनों और आसपास के लोगों ने तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से घायल को शासकीय अस्पताल डौण्डी पहुंचाया, जहां चिकित्सकीय परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

आरोपी ने पूछताछ में कबूला जुर्म

घटना की रिपोर्ट पर थाना महामाया में आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक किरण चौहान एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना के निर्देशन तथा सीएसपी राजहरा विकास पाटले के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेही सुखुराम मंडावी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने पारिवारिक विवाद के चलते रतिराम नेताम पर कुल्हाड़ी से हमला करना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी जब्त की गई।

पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य संकलित करने के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जिला जेल बालोद भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!