Skip to main content

प्रदेश रूचि

पानी निकासी के विवाद में पड़ोसी पर फावड़े से जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार

बालोद। जिले के ग्राम कोरगुड़ा में बरसात और घरेलू उपयोग के पानी की निकासी को लेकर पड़ोसियों के बीच चल रहा विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। पानी निकासी को लेकर हुए विवाद के दौरान एक युवक ने अपने पड़ोसी के सिर पर पहले बांस की लाठी और फिर फावड़े से ताबड़तोड़ वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल उत्तरा देवांगन अस्पताल में बेहोशी की हालत में उपचाराधीन है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बालोद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार घटना 23 सितंबर 2026 की सुबह करीब 6 बजे ग्राम कोरगुड़ा में हुई। उत्तरा देवांगन के घर का घरेलू उपयोग का पानी गली से होकर आरोपी युवराज उर्फ दानी देवांगन के घर के सामने जमा हो रहा था। पानी की निकासी के लिए सोखता निर्माण कराने को लेकर दोनों पड़ोसियों के बीच पहले से ही विवाद और कहासुनी होती रही थी।

घटना वाले दिन उत्तरा देवांगन लक्ष्मीनारायण गौतम के घर के पास गली में मिला। इसी दौरान आरोपी ने उत्तरा की साइकिल में रखा बांस का डंडा और फावड़ा निकाल लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने पहले बांस की लाठी से उत्तरा के सिर पर वार किया। जब उत्तरा ने लाठी पकड़ ली तो आरोपी ने फावड़े से उसके सिर पर तीन से चार वार कर दिए। हमले के बाद उत्तरा गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा और उसके सिर से अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा।


वारदात के बाद आरोपी फावड़ा और बांस की लाठी मौके पर छोड़कर साइकिल से फरार हो गया। सुबह करीब 7 बजे परिजनों और ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद घायल को तत्काल बालोद के श्री प्रकाशचंद मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस ने बनाई विशेष टीम, पूछताछ में आरोपी ने कबूला जुर्म
मामले की सूचना पर बालोद थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना के मार्गदर्शन और एसडीओपी विनय कुमार के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस ने आरोपी युवराज उर्फ दानी देवांगन (40 वर्ष), पिता बिसाल देवांगन, निवासी वार्ड क्रमांक-16, ग्राम कोरगुड़ा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने पानी निकासी के विवाद के बाद उत्तरा पर जानलेवा हमला करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने 24 सितंबर 2026 को दोपहर 1 बजे उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। आरोपी की गिरफ्तारी में निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, सहायक उपनिरीक्षक देवकुमार कोर्राम, आरक्षक नागेश साहू और आरक्षक लिखन आर्य की विशेष भूमिका रही।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!