Skip to main content

प्रदेश रूचि

बालोद में यात्रियों से भरी बस पलटी, एक की मौत; 25 से अधिक घायल

सामने का मेन पट्टा टूटने के बाद बस अनियंत्रित होकर पलटने की बात, 35 से अधिक यात्री थे सवार; बालोद से धमतरी जा रही थी बस

बालोद। जिले में शनिवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बालोद से धमतरी जा रही यात्रियों से भरी डीआरडी कंपनी की बस बालोद थाना क्षेत्र के करहीभदर मोड़ के पास पेट्रोल पंप के आगे नाले के समीप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बस के नीचे दबने से एक यात्री की मौत होने की सूचना है, जबकि 25 से अधिक यात्रियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस के सामने का मेन पट्टा टूटने के बाद चालक का बस पर नियंत्रण नहीं रहा, जिसके चलते बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। बस के पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला।

बताया जा रहा है कि हादसे के समय बस में 35 से अधिक यात्री सवार थे। घायलों को उपचार के लिए बालोद जिला अस्पताल पहुंचाया गया है। वहीं कुछ घायलों को गुरुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाने की भी सूचना है।

हादसे के बाद बस में क्षमता से अधिक यात्रियों के सवार होने की चर्चा भी सामने आई है। वहीं चालक की लापरवाही की बात भी कही जा रही है। हालांकि बस में यात्रियों की वास्तविक संख्या और चालक की लापरवाही जैसे बिंदुओं की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

घटना की सूचना मिलते ही बालोद पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जांच शुरू कर दी। पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारण, बस की तकनीकी स्थिति, चालक की भूमिका और यात्रियों की संख्या सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

फिलहाल घायलों का उपचार जारी है। हादसे में मृतक की पहचान और घायलों की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस एवं प्रशासन की ओर से मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!