बालोद। राजनांदगांव से यात्रियों को लेकर बालोद की ओर आ रही सुपर आनंद कंपनी की यात्री बस में अचानक भीषण आग लग गई। घटना बालोद थाना क्षेत्र के मालीघोरी गांव के पास नवोदय विद्यालय के समीप की है। बस में आग लगने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वहीं बस में रखे पटाखों के फूटने से आसपास मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, बस में करीब 15 से 20 यात्री सवार थे। मालीघोरी बस स्टैंड से पहले अचानक बस से धुआं निकलने लगा। शॉर्ट सर्किट की आशंका को देखते हुए चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तत्काल बस को सड़क किनारे खड़ा किया और सभी यात्रियों को नीचे उतार दिया। यात्रियों के उतरने के कुछ ही देर बाद आग ने विकराल रूप ले लिया और देखते ही देखते पूरी बस आग की चपेट में आ गई।
बताया जा रहा है कि बस में पटाखे भी रखे हुए थे। आग की लपटों के बीच पटाखे फूटने लगे, जिससे घटनास्थल पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। घटना के करीब आधे घंटे बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। हालांकि, तब तक आग पूरी बस को अपनी चपेट में ले चुकी थी।

फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। बस में रखे पटाखों को लेकर भी जांच की जा रही है।













