बालोद। जिले के पुरूर थाना क्षेत्र में एनएच-30 पर 16 सितंबर को हुए सड़क हादसे के मामले में पुलिस ने मनीष ट्रेवल्स बस क्रमांक सीजी 27 के 2469 के चालक हेमन लाल साहू (33) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय से आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। आरोपी ग्राम रावा भर्रीपारा, थाना अर्जुनी, जिला धमतरी का निवासी बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर 2026 को सरारपारा चारामा निवासी कैलाश सिन्हा ने पुरूर थाने में मर्ग सूचना दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनके बड़े भाई जीवन सिन्हा अपने साथी तुलेश कौशल की मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 19 बीके 3431 लेकर सुबह करीब 11 बजे धमतरी जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान करीब 11:45 बजे एनएच-30 पर बालोदगहन के पास न्यारा पेट्रोल पंप के सामने सामने से आ रही मनीष ट्रेवल्स की बस से उनकी टक्कर हो गई।
टक्कर के बाद भी नहीं रोकी बस, 5-6 किमी दूर मिला शव
पुलिस जांच में सामने आए गवाहों के बयानों के मुताबिक, हादसे के बाद जीवन सिन्हा बस के सामने बोनट में फंस गए थे। आरोप है कि इसके बावजूद बस चालक ने वाहन नहीं रोका और बस को चारामा की ओर आगे बढ़ाता रहा। पुलिस के अनुसार, करीब 5 से 6 किलोमीटर दूर जगतरा टोल प्लाजा के पास सड़क पर जीवन सिन्हा का शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला। गंभीर चोटों के चलते उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद पुरूर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद प्रारंभिक जांच के आधार पर धारा 281 और 106(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
गवाहों के बयान से जांच में जुड़ी नई धारा
विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों एवं अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए। पुलिस के मुताबिक, गवाहों के कथनों से यह तथ्य सामने आया कि मृतक बस के बोनट में फंसे होने के बावजूद वाहन को नहीं रोका गया और बस को आगे ले जाया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ धारा 105 बीएनएस के तहत भी अपराध पाए जाने की बात कही है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी चालक ने घटना के संबंध में अपराध स्वीकार किया। इसके बाद 18 सितंबर 2026 को हेमन लाल साहू को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
एक अन्य मामले में गिरफ्तारी वारंटी भी गिरफ्तार
पुरूर थाना पुलिस ने एक अन्य सड़क दुर्घटना के मामले में गिरफ्तारी वारंटी तुमेश्वर ध्रुव (32) पिता स्वर्गीय गणेश राम ध्रुव, निवासी ग्राम शंकरदाह, थाना अर्जुनी, जिला धमतरी को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे भी न्यायालय में पेश करने के बाद जेल निरुद्ध किया है।













