चयन प्रक्रिया के लिए गठित पर्यवेक्षक दल में राजेश चटर्जी, विजय लहरे, परशुराम धनेंद्र, मूलचंद शर्मा एवं राकेश चंद्र साहू शामिल रहे। पर्यवेक्षक दल की निगरानी में निर्धारित प्रक्रिया के तहत जिला संयोजक पद के लिए लोकेश कुमार साहू का नाम प्रस्तावित किया गया। उपस्थित सभी जिलाध्यक्षों ने प्रस्ताव पर सहमति जताई, जिसके बाद उन्हें सर्वसम्मति से जिला संयोजक चुना गया।
चयन के पश्चात उपस्थित जिलाध्यक्षों एवं पदाधिकारियों ने नवनियुक्त जिला संयोजक को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।

इस अवसर पर लोकेश कुमार साहू ने सभी कर्मचारी एवं अधिकारी संगठनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन एक साझा मंच है, जिसका मुख्य उद्देश्य जिले के समस्त कर्मचारी एवं अधिकारी संगठनों के सामूहिक हितों की रक्षा करना है। उन्होंने कहा कि सभी संगठनों को साथ लेकर कर्मचारियों की समस्याओं एवं सामूहिक हितों से जुड़े मुद्दों पर आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ कार्य किया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी एक संगठन की समस्या तक सीमित रहने के बजाय कर्मचारी-अधिकारी वर्ग से जुड़े सभी सामूहिक मुद्दों को प्राथमिकता दी जाएगी। इन समस्याओं को एकजुट होकर शासन-प्रशासन के समक्ष रखा जाएगा और उनके निराकरण के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे।
नवनियुक्त जिला संयोजक ने सभी संगठनों के पदाधिकारियों से आपसी विश्वास, सहयोग एवं संगठनात्मक एकता बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि सभी के साझा प्रयासों से ही फेडरेशन को मजबूत बनाया जा सकता है। कर्मचारी-अधिकारी हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक संगठन की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है।













