Skip to main content

प्रदेश रूचि

एक लाख दीयों से रोशन हुआ भारत का मानचित्र, बालोद में सेवा संकल्प अभियान ने रचा भव्यता और जनभागीदारी का नया दृश्य

बालोद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बालोद जिले में गुरुवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया गया। जिला मुख्यालय स्थित स्व. सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में एक लाख से अधिक दीप प्रज्वलित कर भारत का मानचित्र बनाया गया। दीपों की रोशनी से पूरा स्टेडियम जगमगा उठा। कार्यक्रम में कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद भोजराज नाग मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।


‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जिले में विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों, शासकीय योजनाओं के प्रचार-प्रसार और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी कड़ी में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के माध्यम से सेवा, समर्पण और जनकल्याण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों, स्व-सहायता समूह की महिलाओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्कूली बच्चों, स्काउट-गाइड, एनसीसी कैडेट्स सहित बड़ी संख्या में नागरिकों ने दीप प्रज्वलित कर अभियान में सहभागिता की।


सेवा भावना से ही सफल हुआ आयोजन
सांसद भोजराज नाग ने कार्यक्रम की सफलता के लिए कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा, अभियान के नोडल अधिकारी एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील कुमार चंद्रवंशी सहित जिला प्रशासन की पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इतने बड़े आयोजन की सफलता सभी के समर्पण, सेवाभाव और कर्तव्यपरायणता का परिणाम है। उन्होंने अभियान के आगामी कार्यक्रमों की सफलता के लिए भी शुभकामनाएं दीं।


जनभागीदारी से पूरे जिले में जले दीप
‘आशीर्वाद का दीया’ पहल के तहत छत्तीसगढ़ के विभिन्न हिस्सों में दीप प्रज्वलित किए जा रहे हैं। बालोद जिले में भी अलग-अलग स्थानों पर नागरिकों ने उत्साह के साथ दीप जलाकर अभियान में सहभागिता निभाई। आयोजकों के अनुसार, दीप प्रज्वलन के माध्यम से सेवा, सकारात्मकता और जनभागीदारी का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।


योजनाओं से बदलाव को किया रेखांकित
सांसद भोजराज नाग ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्ष की सार्वजनिक सेवा यात्रा और देश के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला गैस योजना, स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण, कोरोना काल में निःशुल्क टीकाकरण, रेलवे के आधुनिकीकरण और अमृत भारत स्टेशन योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से आम नागरिकों को मिली सुविधाओं और बदलावों की जानकारी साझा की गई।


सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम में पद्मश्री शमशाद बेगम, राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य यशवंत जैन, नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि चेमन देशमुख, पूर्व विधायक वीरेंद्र साहू, राज्य एथलेटिक संघ के उपाध्यक्ष सौरभ लुनिया, राकेश (छोटू) यादव, पवन साहू और अभिषेक शुक्ला सहित जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण, वनमंडलाधिकारी अभिषेक अग्रवाल, अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, अपर कलेक्टर नूतन कंवर, संयुक्त कलेक्टर मधुहर्ष सहित प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। नवचेतना फाउंडेशन कलंगपुर की ओर से रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। फाउंडेशन ने स्टेडियम परिसर में सेवा संकल्प अभियान की थीम पर आकर्षक रंगोली भी बनाई।
एक लाख दीपों से बने भारत के मानचित्र ने कार्यक्रम को विशेष आकर्षण दिया। इस अवसर पर जिले में शासकीय योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा सेवा भावना को जनभागीदारी के माध्यम से मजबूत करने का संकल्प दोहराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!