Skip to main content

प्रदेश रूचि

बालोद नगर पालिका के छह एल्डरमैन घोषित, संगठन के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को मिली जिम्मेदारी

बालोद। राज्य सरकार ने प्रदेश के विभिन्न नगरीय निकायों के लिए एल्डरमैनों की नियुक्ति सूची जारी कर दी है। इसी क्रम में बालोद नगर पालिका परिषद के लिए भी छह एल्डरमैन नियुक्त किए गए हैं। लंबे समय से जिस सूची का इंतजार किया जा रहा था, उसके जारी होते ही राजनीतिक हलकों में चल रही तमाम अटकलों पर विराम लग गया है।
जारी आदेश के अनुसार रवि पाण्डे, संतोष कौशिक, नितेश वर्मा, जागेश्वर ढीमर, श्रीमती हितेश्वरी कौशिक तथा चंद्रशेखर वर्मा (दिव्यांग कोटा) को बालोद नगर पालिका परिषद का एल्डरमैन नियुक्त किया गया है।
सूत्रों के मुताबिक इस बार पार्टी ने संगठन के उन कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी है, जो लंबे समय से भाजपा के साथ सक्रिय रूप से जुड़े रहे हैं और संगठनात्मक गतिविधियों के साथ चुनावी अभियानों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं। नियुक्त किए गए अधिकांश नाम भाजपा के वरिष्ठ एवं समर्पित कार्यकर्ताओं के रूप में पहचान रखते हैं।
सामाजिक संतुलन पर भी रहा विशेष फोकस
जानकारी के अनुसार एल्डरमैन चयन में सामाजिक एवं जातिगत संतुलन का विशेष ध्यान रखा गया है, ताकि नगर पालिका परिषद में विभिन्न वर्गों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित हो सके। वहीं दिव्यांग वर्ग से चंद्रशेखर वर्मा को अवसर देकर सरकार ने समावेशी प्रतिनिधित्व और सामाजिक सहभागिता का संदेश देने का प्रयास किया है।
लंबे इंतजार के बाद खत्म हुई अटकलें
नगर पालिका परिषद के गठन के बाद से ही एल्डरमैन नियुक्ति को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर लगातार जारी था। संभावित नामों को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे थे, लेकिन राज्य सरकार की ओर से आधिकारिक सूची जारी होने के बाद सभी अटकलों पर विराम लग गया।

परिषद की कार्यप्रणाली को मिलेगी मजबूती
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि एल्डरमैनों की नियुक्ति से नगर पालिका परिषद की कार्यप्रणाली को और मजबूती मिलेगी। परिषद की बैठकों में सक्रिय भागीदारी के साथ-साथ विकास कार्यों, जनहितकारी योजनाओं और स्थानीय मुद्दों के समाधान में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहने की उम्मीद है।

नियुक्ति के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सभी नव-नियुक्त एल्डरमैनों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया है कि वे संगठन की अपेक्षाओं पर खरे उतरते हुए नगर के विकास और आमजन के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!