बालोद। जिले में नशीली दवाइयों के अवैध कारोबार के खिलाफ बालोद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ट्रामाडोल युक्त 464 प्रतिबंधित कैप्सूल, नगदी रकम और मोबाइल फोन सहित कुल 1 लाख 91 हजार 631 रुपये का मशरूका जब्त किया है। इस कार्रवाई से जिले में प्रतिबंधित नशीली दवाइयों के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप मच गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन में जिले में अवैध नशीली दवाइयों के कारोबार पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी कड़ी में 13 नवंबर को थाना बालोद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम सिवनी स्थित तांदुला नदी पुल के नीचे बालोद निवासी अनूप सरकार सफेद रंग के बैग में प्रतिबंधित नशीली दवाइयां रखकर बिक्री कर रहा है।

सूचना मिलते ही थाना बालोद पुलिस की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदेही अनूप सरकार को पकड़ लिया। नियमानुसार नोटिस एवं आवश्यक कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए तलाशी लेने पर उसके कब्जे से ट्रामाडोल युक्त प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद किए गए। इसके बाद पुलिस ने मामले की गहराई से जांच और पूछताछ शुरू की, जिसमें नशीली दवाइयों की खरीदी-बिक्री में शामिल दो अन्य आरोपियों दीपक धीवर और वाहिद खान की संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया।
दो ब्रांड के 464 प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से SPAS-TRASCEN-PLUS (ट्रामाडोल) के 312 कैप्सूल, जिनकी कीमत 1 लाख 24 हजार 800 रुपये तथा SPASMO-PROXYVON-PLUS (ट्रामाडोल) के 152 कैप्सूल, जिनकी कीमत 60 हजार 800 रुपये बताई गई है, जब्त किए हैं। इसके अलावा 1,031 रुपये नगद, एक रियलमी नारजो एंड्रॉयड मोबाइल फोन जिसकी अनुमानित कीमत 5 हजार रुपये है, दो अन्य एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 1,300 रुपये नगद भी जब्त किए गए हैं। इस प्रकार कुल जब्त मशरूका की कीमत 1 लाख 91 हजार 631 रुपये आंकी गई है।

बालोद और कुरूद के रहने वाले हैं तीनों आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में अनूप सरकार (38 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 17, कुंदरूपारा, बालोद; दीपक धीवर (23 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 03, धोबनी पारा, कुरूद, जिला धमतरी तथा वाहिद खान (26 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 14, संजय नगर, कुरूद, जिला धमतरी शामिल हैं।
तीनों आरोपियों के विरुद्ध थाना बालोद में अपराध क्रमांक 616/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(ग) में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस ने अनूप सरकार को 13 नवंबर की रात 8:45 बजे तथा दीपक धीवर और वाहिद खान को 14 नवंबर को क्रमशः दोपहर 1:40 और 1:50 बजे गिरफ्तार किया। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर 27 नवंबर तक न्यायिक रिमांड प्राप्त करने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया गया है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बालोद निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, साइबर प्रभारी एएसआई धरम भुआर्य, प्रधान आरक्षक भुनेश्वर मरकाम, आरक्षक भूपेश साहू, चुलेन्द्र कुर्रे, नागेश साहू, आकाश दुबे, आकाश सोनी, भोप सिंह साहू एवं उमाशंकर सिन्हा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बालोद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि प्रतिबंधित नशीली दवाइयों के अवैध क्रय-विक्रय अथवा अन्य किसी भी गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार और अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।













