बालोद। नकटी गांव में प्रशासनिक कार्रवाई से प्रभावित परिवारों के समर्थन में कांग्रेस नेता भूपेंद्र चंद्राकर सामने आए हैं। उन्होंने राज्य सरकार और जिला प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित सभी परिवारों को तत्काल राहत, आर्थिक सहायता एवं सम्मानजनक पुनर्वास उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि जिन गरीब परिवारों के आशियाने उजड़े हैं, उनके सामने आज आवास, बच्चों की शिक्षा और आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
भूपेंद्र चंद्राकर ने कहा कि किसी भी प्रशासनिक कार्रवाई का उद्देश्य आम नागरिकों को कठिनाई में डालना नहीं होना चाहिए। यदि किसी कारणवश कार्रवाई आवश्यक हो, तो उससे पहले प्रभावित परिवारों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था, राहत और सम्मानजनक पुनर्वास सुनिश्चित करना शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा गरीबों, मजदूरों, किसानों और समाज के कमजोर वर्गों के हितों की लड़ाई लड़ती रही है। नकटी गांव के प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने और उनकी आवाज शासन-प्रशासन तक पहुंचाने के लिए कांग्रेस पूरी प्रतिबद्धता के साथ संघर्ष जारी रखेगी।
कांग्रेस नेता ने मांग की कि प्रशासन सभी प्रभावित परिवारों का निष्पक्ष सर्वे कर उन्हें शीघ्र राहत पैकेज, आर्थिक सहायता और स्थायी पुनर्वास उपलब्ध कराए। साथ ही भविष्य में इस प्रकार की किसी भी कार्रवाई के दौरान मानवीय संवेदनाओं के साथ कानूनसम्मत प्रक्रिया का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए।
भूपेंद्र चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें न्याय मिलने तक उनकी आवाज बुलंद करती रहेगी।
नकटी के प्रभावित परिवारों को मिले तत्काल राहत और सम्मानजनक पुनर्वास कांग्रेस नेता ने आर्थिक सहायता, सर्वे और न्यायपूर्ण कार्रवाई की उठाई मांग




















