
स्वीकृत राशि से आंगनबाड़ी भवनों में मरम्मत, रंग-रोगन और आवश्यक संरचनात्मक सुधार किए जाएंगे। इससे न केवल बच्चों की पढ़ाई और पोषण गतिविधियों के लिए सुरक्षित व स्वच्छ माहौल बनेगा, बल्कि गर्भवती और धात्री महिलाओं को भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। वर्षों से कई केंद्रों की खराब स्थिति के कारण कार्यक्रमों के संचालन में आ रही दिक्कतें अब दूर होंगी।
जिला पंचायत अध्यक्ष तारणी पुष्पेंद्र चंद्राकर ने कहा, “आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के विकास की पहली सीढ़ी हैं। हमारा लक्ष्य है कि हर नौनिहाल को सुरक्षित, स्वच्छ और प्रेरक वातावरण मिले। मरम्मत कार्य पूर्ण होने के बाद बच्चों को बैठने, सीखने और खेलकूद के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा।
”इस पहल में जनपद अध्यक्ष पुरुषोत्तम चंद्राकर का भी सहयोग रहा। 78 आंगनबाड़ी केंद्रों के कायाकल्प की खबर से ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साह का माहौल है। स्थानीय निवासियों ने बच्चों के भविष्य को संवारने वाली इस पहल के लिए जिला पंचायत अध्यक्ष तारणी पुष्पेंद्र चंद्राकर के प्रति आभार व्यक्त किया है।




















