प्रदेश रूचि

खुरसुनी जनसमस्या शिविर बना सौगातों का मंच, 929 आवेदनों का मौके पर निपटाराबालोद में महिला आरक्षण पर सियासी संग्राम: बीजेपी-कांग्रेस आमने-सामने, किसका दांव पड़ेगा भारी?…पढ़े पूरी खबर सिर्फ प्रदेशरुचि पर…ब्राह्मण समाज की महिलाओं ने दिखाई एकजुटता, हर माह होगी बैठक, प्रतिभावान बेटियों के सम्मान का संकल्पआईटीआई में पढ़ाई छोड़ छात्रों से मजदूरी, निर्माण कार्य के दौरान छात्र घायल हादसे में दोनों हाथों की पांच उंगलियां कटीं, छात्रों ने वर्षों से श्रम कराने का लगाया आरोपराष्ट्रीय सिविल सेवा दिवस पर बालोद में प्रशासनिक अधिकारियों का सम्मान, जल संरक्षण और पशु-पक्षियों के लिए पानी को लेकर हुई सार्थक चर्चा

छठ महापर्व में उमड़ा आस्था का सैलाब, बूढ़ा तालाब में डूबते सूरज को दिया पहला अर्घ्य

बालोद। सूर्य उपासना और लोक आस्था के महापर्व छठ की छटा सोमवार को नगर में देखते ही बनी। उत्तर प्रदेश और बिहार से जुड़े श्रद्धालु परिवारों ने नगर के बूढ़ा तालाब परिसर में पूरी श्रद्धा और विधि-विधान के साथ भगवान सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया। तालाब किनारे सजे रंग-बिरंगे घाट, पूजा गीतों की गूंज और जल में खड़े श्रद्धालुओं की आस्था ने पूरे वातावरण को दिव्यता से भर दिया।

महिलाओं ने सायंकालीन अर्घ्य के दौरान तालाब में वेदी बनाकर कमरभर पानी में खड़े होकर डूबते सूरज को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान “छठी मईया की जय” के जयघोष से पूरा परिसर गूंज उठा। मंगलवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ पर्व का समापन होगा।

संतान की दीर्घायु और सुख-समृद्धि की कामना

यूपी-बिहार छठ पर्व समिति के सदस्यों ने बताया कि यह पर्व परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के लिए मनाया जाता है। व्रती महिलाएं चार दिन तक कठोर उपवास रखती हैं और विशेष श्रृंगार के साथ भगवान सूर्य की उपासना करती हैं। हाथों में मेहंदी, सिर पर पूजा की टोकरी और आंखों में श्रद्धा का भाव – हर व्रती का आचरण समर्पण का प्रतीक दिखाई दिया।

पौराणिक कथा: जब देवमाता अदिति ने की थी छठी मैया की आराधना

मान्यता है कि प्रथम देवासुर संग्राम में जब देवता असुरों से पराजित हुए, तब देवमाता अदिति ने तेजस्वी पुत्र की प्राप्ति के लिए देवारण्य के सूर्य मंदिर में छठी मैया की आराधना की थी। उनकी भक्ति से प्रसन्न होकर छठी मैया ने उन्हें सर्वगुण संपन्न पुत्र आदित्य का वरदान दिया, जिन्होंने असुरों पर देवताओं को विजय दिलाई। कहा जाता है, तभी से छठ पर्व की परंपरा का शुभारंभ हुआ और यह उत्सव देव सेना षष्ठी देवी को समर्पित हो गया।

 

सामूहिक श्रद्धा और सांस्कृतिक एकता की झलक

छठ पर्व के अवसर पर बालोद का बूढ़ा तालाब परिसर उत्तर प्रदेश और बिहार के निवासियों से भर गया। महिलाएं पारंपरिक गीतों के साथ घाटों पर पूजा-अर्चना करती रहीं, वहीं पुरुष श्रद्धालु व्यवस्था और सहयोग में जुटे रहे। दीपों की रोशनी और लोकगीतों की गूंज ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

 दृश्य भावनाओं से परिपूर्ण थे – सूर्यास्त की पृष्ठभूमि में झिलमिलाती जलधारा, कलश, फल और सुपारी से सजी टोकरी, और माथे पर सिंदूर लगाए व्रती महिलाओं की श्रद्धा ने नगर में अध्यात्म का अनोखा समा बाँध दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!