प्रदेश रूचि

खुरसुनी जनसमस्या शिविर बना सौगातों का मंच, 929 आवेदनों का मौके पर निपटारा

बालोद। गुण्डरदेही विकासखंड के ग्राम खुरसुनी में आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर अंचलवासियों के लिए राहत, समाधान और सौगातों से भरा रहा। शिविर में खुरसुनी समेत आसपास की 17 ग्राम पंचायतों से पहुंचे ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं और कुल 929 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। इनमें 902 मांग संबंधी और 27 शिकायत संबंधी आवेदन शामिल थे। शिविर में विधायक कुंवर सिंह निषाद, कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, एडीशनल एसपी मोनिका ठाकुर सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिया गया। स्वामित्व योजना के तहत 461 हितग्राहियों को अधिकार पत्र सौंपे गए। मनरेगा अंतर्गत 30 लोगों को नए जॉब कार्ड वितरित किए गए।
समाज कल्याण विभाग ने जरूरतमंदों को छड़ी, श्रवण यंत्र, बैटरी चलित ट्रायसाइकिल और व्हीलचेयर प्रदान किए। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 5 हितग्राहियों को पूर्णता प्रमाण पत्र दिया गया। खाद्य विभाग ने 10 नए राशन कार्ड, जबकि स्वास्थ्य योजनाओं के तहत आयुष्मान और वय वंदन कार्ड वितरित किए गए। मछली पालन विभाग ने हितग्राहियों को मछली जाल और ग्रोथ प्रमोटर, कृषि विभाग ने किसानों को बैटरी चलित स्प्रेयर, वहीं बिहान मिशन के तहत महिला स्व सहायता समूहों को डेमो चेक प्रदान किए गए। 

अन्नप्राशन, गोदभराई और सामाजिक संदेश
कार्यक्रम में नन्हे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया और गर्भवती महिलाओं को सुपोषण किट देकर गोदभराई रस्म पूरी की गई। सांस्कृतिक मंडलियों को स्वेच्छा अनुदान राशि के चेक भी दिए गए।


विधायक ने जल संरक्षण पर दिलाई शपथ
विधायक कुंवर सिंह निषाद ने शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि जनसमस्या निवारण शिविर सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद का माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों से ग्रामीणों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ निराकरण करने को कहा।
उन्होंने पानी के महत्व पर जोर देते हुए ग्रामीणों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई और हर बूंद के सदुपयोग का संदेश दिया। साथ ही क्षेत्र की प्रमुख मांगों और समस्याओं की ओर प्रशासन का ध्यान भी आकर्षित कराया।

कलेक्टर बोलीं- पानी बचाना अब समय की जरूरत
कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने सभी 929 आवेदनों के तत्काल निराकरण पर संतोष जताया। उन्होंने कहा कि शिविर में सबसे ज्यादा आवेदन पेयजल, निस्तारी और बिजली समस्याओं से जुड़े रहे। उन्होंने कहा कि भूजल के अत्यधिक दोहन और जल संरक्षण की अनदेखी से ऐसी समस्याएं बढ़ रही हैं। आने वाले समय को सुरक्षित रखने के लिए अभी से जल संरक्षण, संवर्धन और विवेकपूर्ण उपयोग पर काम करना होगा।

कलेक्टर ने किसानों को ग्रीष्मकालीन धान के बजाय दलहन, तिलहन और कुसुम जैसी फसलों की खेती अपनाने की सलाह दी।
जलाशयों की मरम्मत और लो वोल्टेज से राहत का भरोसा
ग्रामीणों की मांग पर कलेक्टर ने खुरसुल, देवरी, खुरसुनी और सिंगारपुर क्षेत्र के जलाशयों की मरम्मत कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि दुर्ग जिले के अंडा में स्थापित 132/33 केवी सब स्टेशन शुरू होने के बाद क्षेत्र की लो वोल्टेज समस्या में राहत मिलेगी। साथ ही प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत ग्रामीणों से घरों में सोलर पैनल लगाने की अपील की गई।


बाल विवाह रोकने की दिलाई शपथ
कलेक्टर ने बाल विवाह को सामाजिक बुराई और अपराध बताते हुए ग्रामीणों को इसके रोकथाम में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ दिलाई।
एडीशनल एसपी ने दी सड़क सुरक्षा और साइबर जागरूकता की जानकारी
एडीशनल एसपी मोनिका ठाकुर ने कहा कि सड़क हादसों का बड़ा कारण नशे में वाहन चलाना, तेज रफ्तार और बिना हेलमेट ड्राइविंग है। यदि इन पर रोक लगे तो दुर्घटनाओं में बड़ी कमी लाई जा सकती है। उन्होंने ग्रामीणों को डिजिटल धोखाधड़ी से बचने के उपाय भी बताए।

 


विभागवार सबसे ज्यादा आवेदन पंचायत विभाग में
शिविर में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 578 आवेदन, राजस्व विभाग के 86, समाज कल्याण विभाग के 80, विद्युत विभाग के 55, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के 22 सहित अन्य विभागों के आवेदन प्राप्त हुए, जिनका मौके पर समाधान किया गया।
बस से पहुंचे अधिकारी, ग्रामीणों ने किया स्वागत
पिछले शिविर की तरह इस बार भी कलेक्टर और वरिष्ठ अधिकारी बस से खुरसुनी पहुंचे। गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने आत्मीय स्वागत किया। स्वास्थ्य एवं आयुष विभाग के स्टॉल में ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!