प्रदेश रूचि

ब्राह्मण समाज की महिलाओं ने दिखाई एकजुटता, हर माह होगी बैठक, प्रतिभावान बेटियों के सम्मान का संकल्प

बालोद। सर्व ब्राह्मण समाज की महिलाओं का मिलन समारोह एवं आवश्यक बैठक गुरुवार को स्थानीय मरारपारा स्थित दुबे निवास में आयोजित की गई। बैठक में समाज को संगठित करने, महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और सामाजिक गतिविधियों को मजबूत करने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
महिला मंडल अध्यक्ष दीप्ति शर्मा ने कहा कि संगठन केवल पद से नहीं, बल्कि सभी महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से मजबूत बनता है। उन्होंने कहा कि समाज की हर महिला स्वयं को जिम्मेदार मानते हुए कदम से कदम मिलाकर कार्य करे, तभी संगठन निरंतर आगे बढ़ेगा।
श्वेता दुबे ने कहा कि महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से कम नहीं हैं। उन्होंने बालोद की सभी विप्र महिलाओं को जोड़ने का आह्वान करते हुए हर माह अलग-अलग घरों में बैठक आयोजित करने और समाजहित के मुद्दों पर चर्चा करने की बात कही।
नीति मिश्रा ने अपने विचार रखते हुए कहा कि महिलाएं एकजुट होकर पहले ब्लॉक स्तर, फिर जिला और उसके बाद पूरे प्रदेश में समाजहित के कार्यक्रम आयोजित करेंगी।
खुशबू दुबे ने कहा कि आने वाले समय में ब्राह्मण समाज की मेरिट सूची में आने वाली बेटियों का सम्मान किया जाएगा। साथ ही अन्य समुदायों की प्रतिभावान बच्चियों को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।
बैठक में दुर्गा जोशी, दीपिका दुबे, कविता दुबे, कुसुम, मानसी शर्मा, रानी, भूपेश्वरी शर्मा, अदिति दुबे, अंशिता दुबे सहित समाज की अनेक महिलाएं उपस्थित रहीं।
इस आयोजन ने स्पष्ट संदेश दिया कि समाज की महिलाओं ने अब संगठन, शिक्षा और सामाजिक नेतृत्व की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प ले लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!