प्रदेश रूचि

मुख्यमंत्री ने दिव्यांग बच्चों के संग मनाई दीपावली, जल्द बनेगा 5 एकड़ में सर्व-सुविधायुक्त दिव्यांग पार्क.. दिव्यांगों के सशक्तिकरण को लेकर बोले सीएम साय

 

 

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। रायपुर में 5 एकड़ भूमि पर दिव्यांगजनों के लिए सर्व-सुविधायुक्त पार्क बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री रविवार को रायपुर के एक निजी होटल में छत्तीसगढ़ सीमेंट ट्रांसपोर्ट वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा आयोजित दीपावली मिलन समारोह में शामिल हुए।

कार्यक्रम में उन्होंने जरूरतमंद दिव्यांग बच्चों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। कोंपलवाणी और अर्पण दिव्यांग संस्थान के बच्चों ने साइन लैंग्वेज में सुंदर प्रदर्शन कर सबका मन मोह लिया। मुख्यमंत्री ने बच्चों के इशारों को दोहराते हुए उनसे साइन लैंग्वेज में ‘गुड मॉर्निंग’ और ‘गुड आफ्टरनून’ जैसे शब्द सीखे।

साय ने कहा कि प्रदेश में दिव्यांगजनों के विकास के लिए कई पहलें की जा रही हैं। उन्हें नि:शुल्क कृत्रिम अंग उपलब्ध कराए जा रहे हैं और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए ऋण की सुविधा भी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री वीरेंद्र खटीक ने रायपुर में दिव्यांग पार्क बनाने की घोषणा की थी, जिसे अब हकीकत में बदला जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने एसोसिएशन की सराहना करते हुए कहा कि संस्था जनसेवा के कार्यों के माध्यम से सामाजिक जिम्मेदारी का उदाहरण पेश कर रही है। पहले भी एसोसिएशन मरीजों के लिए एम्बुलेंस उपलब्ध कराकर जरूरतमंदों की मदद कर चुकी है।

उन्होंने कहा कि यह छत्तीसगढ़ निर्माण का 25वां वर्ष है, जिसे रजत जयंती के रूप में मनाया जा रहा है। इस वर्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्योत्सव का शुभारंभ करेंगे। मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य रखा है और छत्तीसगढ़ सरकार उसी दिशा में ‘विकसित छत्तीसगढ़ विजन डॉक्यूमेंट’ के साथ आगे बढ़ रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में सड़कों का विस्तार लगातार हो रहा है, जिससे कनेक्टिविटी में बड़ी वृद्धि हुई है। भारतमाला परियोजना के तहत रायपुर–विशाखापत्तनम और रायपुर–धनबाद मार्गों का निर्माण तेजी से चल रहा है।

कार्यक्रम में महाराष्ट्र और त्रिपुरा के पूर्व राज्यपाल रमेश बैस ने कहा कि दिव्यांगों के लिए संसद में बने कानून के बाद उनकी सुविधाओं में तीन गुना वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगों की चुनौतियों को समाज को और गहराई से समझने की जरूरत है।

वनमंत्री केदार कश्यप ने कहा कि इस बार जीएसटी दरों में कमी से दीपावली का उत्सव और अधिक भव्य हुआ है। उन्होंने याद दिलाया कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने ही छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण किया, जिसकी अब रजत जयंती मनाई जा रही है।

राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के विजन के तहत योजनाबद्ध विकास से विकसित छत्तीसगढ़ का सपना साकार होगा।
कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि दिव्यांगजनों के साथ दीपावली मनाना एक उत्कृष्ट पहल है—खुशियां बांटने से बढ़ती हैं, और एसोसिएशन का यह प्रयास प्रेरणादायक है।

कार्यक्रम में पैरों से पेंटिंग करने वाले दिव्यांग कलाकार गोकर्ण पाटिल ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री ने उनकी कला की सराहना करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया और दिव्यांग बच्चों को गर्म कपड़े भेंट किए।

इस मौके पर विधायक इंद्र कुमार साहू, रायपुर की महापौर मीनल चौबे, एसोसिएशन के अध्यक्ष अंजय शुक्ला, पदाधिकारीगण, कोंपलवाणी और अर्पण संस्था के बच्चे तथा अनेक गणमान्यजन मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!