बालोद। जिले के शिकारीपारा मोहल्ले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक ही घर में मां और बेटी की लाशें मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। बताया जा रहा है कि महिला का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला, जबकि उसकी मासूम बेटी पास में मृत पाई गई।
घटना शुक्रवार देर रात की बताई जा रही है। मृतका की पहचान निकिता पडौती के रूप में हुई है, जो अपने दो बच्चों के साथ रहती थी। निकिता के पति रविशंकर पडौती, जो दल्लीराजहरा थाने में कांस्टेबल थे, की लगभग डेढ़ साल पहले सड़क हादसे में मौत हो चुकी थी। उसी हादसे के बाद से परिवार गहरे सदमे में जी रहा था।
बताया जाता है कि घटना की रात निकिता का 13 वर्षीय बेटा दूसरे कमरे में सोने चला गया था। सुबह जब उसने मां और बहन को देखा तो कमरे में खौफनाक नजारा था — मां का शव फंदे पर लटका था और बहन निर्जीव पड़ी थी। बच्चे की चीख से पूरा मोहल्ला गूंज उठा।
घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस, तहसीलदार और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। हर संभावित एंगल से जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर पुलिस आत्महत्या और हत्या – दोनों पहलुओं से जांच में जुटी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पति की मौत के बाद से निकिता अक्सर उदास रहा करती थी। परिवार में कोई बड़ा विवाद सामने नहीं आया, पर मानसिक तनाव की बात पड़ोसी भी स्वीकारते हैं।
फिलहाल पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की जांच जारी है।
एक मां और बेटी की खामोश मौत ने पूरे शहर को झकझोर दिया है… सवाल वही — आखिर ऐसा क्यों हुआ?




















