बालोद। आत्मनिर्भर भारत और ‘लोकल फॉर वोकल’ अभियान को लेकर शुक्रवार को जुगेरा स्थित जिला भाजपा कार्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस मौके पर खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री दयालदास बघेल ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का संकल्प प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की देशभक्ति की अभिव्यक्ति है, जिसने वैश्विक संकट के समय देश को अवसर में बदलने की दिशा दी।
उन्होंने बताया कि आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान 25 सितंबर (पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती) से शुरू होकर 25 दिसंबर (भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जयंती) तक चलेगा। इस अभियान का उद्देश्य ‘हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी’ की भावना को जन-जन तक पहुँचाना है।
‘वोकल फॉर लोकल’ से मजबूत होगी अर्थव्यवस्था
बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि जीएसटी और कानूनों के सरलीकरण से भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है। आज भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और जल्द ही तीसरे स्थान पर पहुँचने की ओर अग्रसर है।
रक्षा क्षेत्र का उदाहरण देते हुए बघेल ने कहा कि भारत अब आयातक नहीं, बल्कि निर्यातक बन गया है। वर्ष 2014-15 में 1,941 करोड़ रुपये का रक्षा निर्यात 2024-25 में बढ़कर 23,622 करोड़ रुपये तक पहुँच गया है। उन्होंने बताया कि भारत अब विश्व की तीसरी सबसे बड़ी स्टार्टअप इकोसिस्टम है, जहाँ 17 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर मिले हैं और 100 से ज्यादा यूनिकॉर्न कंपनियाँ आत्मनिर्भर भारत की मिसाल हैं।
छत्तीसगढ़ की भूमिका और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा
मंत्री बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ भी आत्मनिर्भर भारत अभियान में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। राज्य का लक्ष्य अगले पाँच वर्षों में सकल राज्य घरेलू उत्पाद (GSDP) को दोगुना कर 10 लाख करोड़ रुपये तक पहुँचाना है। इसके लिए स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक कला, हस्तशिल्प और कृषि संसाधनों को वैश्विक बाजार से जोड़ने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बस्तर की लोककला और बस्तर आर्ट राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं। चांपा का कोसा, जशपुर की कॉफी और महिला स्वयं-सहायता समूहों के हर्बल उत्पाद अब देशभर के बाजारों में जगह बना चुके हैं।

त्योहारों पर स्वदेशी वस्तुओं को दें प्राथमिकता
दयालदास बघेल ने आगामी नवरात्रि, दशहरा और दीपावली जैसे त्योहारों में स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग का आह्वान किया। उन्होंने कहा, “गर्व से कहो यह स्वदेशी है — यही आत्मनिर्भर भारत का मूल मंत्र है।”
बघेल ने कहा कि दैनिक जीवन में स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग केवल आर्थिक नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति का प्रतीक भी है। इससे स्थानीय व्यापारियों, किसानों, महिलाओं और मध्यम वर्ग को सीधा लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम में अनेक भाजपा नेता रहे उपस्थित
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, जिला भाजपा अध्यक्ष चेमन देशमुख, प्रदेश भाजपा के पूर्व मंत्री राकेश यादव, पूर्व विधायक वीरेंद्र साहू, प्रीतम साहू, पवन साहू, यज्ञदत्त शर्मा, गुण्डरदेही नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन, राकेश छोटू यादव, कमल पापलिया, विनोद जैन सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




















