✍️ विशेष लेख — जी.एस. केशरवानी
छत्तीसगढ़ अब सिर्फ खनिज या कृषि आधारित अर्थव्यवस्था तक सीमित नहीं रहा। तकनीकी क्रांति की दिशा में राज्य ने एक नया पड़ाव छू लिया है। नवा रायपुर अटल नगर में 1100 करोड़ रुपए की लागत से प्रदेश की पहली सेमीकंडक्टर यूनिट की नींव रखी जा चुकी है, जिससे ‘नया छत्तीसगढ़’ का सपना और अधिक ठोस होता दिख रहा है।
सेमीकंडक्टर क्रांति की अगुवाई में छत्तीसगढ़
देश की प्रतिष्ठित इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी Polymatech Electronics Pvt. Ltd. ने छत्तीसगढ़ में अपने सेमीकंडक्टर प्लांट की आधारशिला रखी है। इन्वेस्टमेंट समिट में निवेश की घोषणा के महज तीन महीने के भीतर ही यूनिट का भूमिपूजन हो जाना इस बात का प्रमाण है कि ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ अब केवल नारा नहीं, बल्कि धरातल पर उतरी हकीकत है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की नेतृत्व क्षमता और नई उद्योग नीति का असर साफ दिख रहा है। सरकार निवेशकों को सहूलियतें और अनुदान के साथ वह माहौल दे रही है जिसमें वैश्विक कंपनियाँ भी भरोसे के साथ कदम रख रही हैं।
तकनीक की रीढ़: सेमीकंडक्टर
सेमीकंडक्टर की भूमिका आधुनिक दुनिया में इतनी अहम है कि इसे इलेक्ट्रॉनिक्स का मस्तिष्क कहा जाता है। मोबाइल, लैपटॉप, ऑटोमोबाइल, डिफेंस इक्विपमेंट, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्मार्ट डिवाइस, ड्रोन और क्वांटम कंप्यूटिंग—सभी का संचालन इन्हीं चिप्स से होता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्पष्ट मंत्र है – “दुनिया के हर कंप्यूटर में लगने वाली चिप्स में से कम से कम एक भारत में बनी हो।” इसी दृष्टिकोण से भारत सेमीकंडक्टर मिशन की शुरुआत हुई है और छत्तीसगढ़ इस सपने को जमीन पर उतारने वाला अग्रणी राज्य बनता जा रहा है।
रोजगार, शिक्षा और तकनीकी उन्नति का त्रिसूत्र
इस प्लांट के बनने से न केवल प्रदेश में हजारों युवाओं को तकनीकी रोजगार के अवसर मिलेंगे, बल्कि इससे जुड़ा पूरा इकोसिस्टम—चिप डिजाइन, निर्माण, पैकेजिंग—भी छत्तीसगढ़ में विकसित होगा। राज्य सरकार AI डाटा सेंटर, IT पार्क और तकनीकी यूनिवर्सिटी की ओर भी तेजी से बढ़ रही है।
नवा रायपुर में देश का पहला एआई डेटा सेंटर पार्क बन रहा है, जो छत्तीसगढ़ को डिजिटल इंडिया की रीढ़ में बदल सकता है।
छत्तीसगढ़: निवेशकों की नई मंज़िल
नई औद्योगिक नीति के तहत राज्य को अब तक ₹5.5 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिल चुके हैं। यह प्रदेश को मैन्युफैक्चरिंग से लेकर इनोवेशन और तकनीकी सेवाओं का नया गढ़ बना सकता है।
चिप्स से चमकेगा छत्तीसगढ़
सेमीकंडक्टर जैसे रणनीतिक क्षेत्र में छत्तीसगढ़ की यह पहल न केवल आर्थिक विकास की नई कहानी लिखेगी, बल्कि यह भारत को वैश्विक चिप बाजार में सम्मानजनक स्थान दिलाने में भी भूमिका निभाएगी।
> छत्तीसगढ़ अब ‘स्टील स्टेट’ से ‘सिलिकॉन स्टेट’ की ओर अग्रसर है।




















