Skip to main content

प्रदेश रूचि

मार्किंग पूरी, निर्माण तय – बालोद को मिलेगी नई पहचान वाली सड़क…137 अतिक्रमणकारियों को नोटिस, 26 जून से होगी बड़ी कार्रवाई

दल्ली चौक से रेलवे फाटक तक बनेगी 18 मीटर चौड़ी सड़क, 26 जून से हटेंगे अवैध कब्जे
लगभग 8 करोड़ की लागत से होगा डिवाइडर सहित सड़क निर्माण कार्य, टीन शेड हटाने की तैयारी

बालोद। जिला मुख्यालय के हृदय स्थल दल्ली चौक से रेलवे फाटक तक लगभग 1.85 किलोमीटर लंबे मार्ग का चौड़ीकरण और डिवाइडर निर्माण कार्य अब शीघ्र शुरू होने जा रहा है। बुधवार को पीडब्ल्यूडी (लोक निर्माण विभाग) के अधिकारियों व कर्मचारियों की मौजूदगी में सड़क की मार्किंग प्रक्रिया पूरी की गई। इस महत्वपूर्ण कार्य पर लगभग 8 करोड़ रुपए की लागत आएगी और टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।

137 लोगों को जारी किए गए नोटिस, 26 जून से हटेंगे अवैध कब्जे
राजस्व विभाग द्वारा इस मार्ग में किए गए सर्वे के आधार पर 137 लोगों को अवैध कब्जा हटाने के लिए नोटिस जारी किए जा चुके हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि स्वेच्छा से कब्जा नहीं हटाया गया तो 26 जून 2025 से सख्ती से अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की जाएगी।

मकानों को नहीं होगा नुकसान, हटेगी सिर्फ टीन शेड
मार्किंग के दौरान यह बात स्पष्ट हुई है कि सड़क निर्माण के दायरे में किसी भी मकान या पक्के निर्माण को नुकसान नहीं पहुंचेगा। केवल दुकानों के सामने अस्थायी टीन शेड को हटाया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि इस कार्य की स्वीकृति लगभग तीन साल पूर्व मिल चुकी थी, लेकिन स्थानीय विरोध के कारण यह अटका रहा। अब प्रशासन ने कार्य शुरू कराने की तैयारी पूरी कर ली है।

डिवाइडर के साथ दोनों ओर बनेगी 09-09 मीटर की सड़क
नए प्रस्ताव के अनुसार, सड़क की कुल चौड़ाई 18 मीटर होगी, जिसमें बीच में डिवाइडर का निर्माण किया जाएगा। डिवाइडर के दोनों ओर 09-09 मीटर की सड़क बनाई जाएगी, जिससे ट्रैफिक की सुव्यवस्था सुनिश्चित होगी और दुर्घटनाओं में कमी आएगी।

स्थानीय व्यापारियों को नहीं होगा विशेष असर
प्रशासन का दावा है कि इस निर्माण कार्य से मार्ग से लगे व्यापारियों को अधिक नुकसान नहीं होगा। उनके व्यापारिक स्थलों को नहीं छेड़ा जाएगा, केवल अनधिकृत टीन शेड हटाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!