प्रदेश रूचि

जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर जनपद अध्यक्ष कांती प्रकाश सोनबरसा ने की कलेक्टर से मुलाकात देवरी अस्पताल की बदहाल स्वास्थ्य सेवाएं और जर्जर सड़कों पर जताई गंभीर चिंता

 

बालोद / देवरी,। जनपद पंचायत डौंडी लोहारा के जनपद अध्यक्ष  कांती प्रकाश सोनबरसा ने मंगलवार को जिला कलेक्टर बालोद से सौजन्य मुलाकात कर देवरी क्षेत्र की दो ज्वलंत समस्याओं – चिकित्सा सुविधाओं की कमी और सड़कों की बदहाल स्थिति – को लेकर विस्तार से चर्चा की।

जनपद अध्यक्ष ने कलेक्टर को अवगत कराया कि देवरी के शासकीय अस्पताल में आवश्यक चिकित्सा संसाधनों की भारी कमी है। सबसे चिंता का विषय यह है कि चिकित्सक का पद लंबे समय से रिक्त पड़ा हुआ है, जिससे मरीजों को उचित इलाज के लिए भटकना पड़ रहा है। अस्पताल केवल एक “रिफर सेंटर” बनकर रह गया है, जहां प्राथमिक उपचार के बजाय मरीजों को जिला अस्पताल भेजा जा रहा है।

इसके अतिरिक्त, उन्होंने ग्रामीण अंचलों में सड़कों की जर्जर हालत को लेकर भी चिंता व्यक्त की।  सोनबरसा ने कहा कि खस्ताहाल सड़कों के कारण ग्रामीणों को आवागमन में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, खासकर बरसात के मौसम में स्थिति और भी विकट हो जाती है।

जनपद अध्यक्ष ने इन बुनियादी समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग करते हुए कहा, “यदि स्वास्थ्य और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं की ओर त्वरित ध्यान नहीं दिया गया, तो इसका सीधा असर ग्रामीण जनजीवन पर पड़ेगा।”

उन्होंने जिला प्रशासन से इन विषयों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्यवाही करने की अपील की और विश्वास जताया कि जल्द ही सकारात्मक पहल होगी जिससे आमजन को राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!