
अव्यवस्था के खिलाफ ग्रामीणों ने जमकर प्रदर्शन किया। यह देख जनपद पंचायत के कर्मी सहम गए और कमरे के अंदर दुबक गए। बाद में कुछ बुद्धिजीवियों के समझाने पर मामला शांत हुआ। प्रदर्शन कर रहीं धोतिम टोला की महिलाएं व पुरुषों सहित अन्य ने बताया कि धोतिमटला पंचायत के वार्ड में करीब 50 घरों में शुरू से पेयजल की कोई सुविधा नहीं है। विभाग व जनप्रतिनिधियों को कोई मतलब नहीं है। क्षेत्र के किसान पंपिग सेट अथवा सब्मर्सिबल से धान की खेती कर रहे हैं। जिस कारण कुएं नलकूप व तालाब जवाब दे दिया है। पानी पीने के लिए गांव से एक किलोमीटर दूर से लाना पड़ रहा है। आक्रोशित ग्रामीणों ने बताया कि यदि अविलंब समस्या समाधान नहीं होता है तो सड़क पर उतरने के लिए विवश होंगे। जनपद सीईओ अविनाश ठाकुर ने बताया कि पीएचई विभाग के एसडीओ नितिन ठाकुर को बुलाकर ग्रामीणों के मध्य चर्चा की गई है और ग्रामीणों की मुख्य मांग पानी की समस्या का जल्द ही निराकरण करने की बात की गई है ।




















