
तीरथगढ़ जलप्रपात देखने जा रहे थे पर्यटक
जानकारी के मुताबिक, बालोद जिले के गुंडरदेही ब्लॉक के तिलोदा और तमोरा गांव के छात्र-छात्राएं पर्यटन भ्रमण पर निकले थे। सभी विद्यार्थी शासकीय विद्यालय तमोरा के शिक्षकों के साथ 10 अक्टूबर को भ्रमण के लिए रवाना हुए थे। सोमवार को वापसी के दौरान जारम घाट में यह हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि पर्यटक तीरथगढ़ जलप्रपात देखने जा रहे थे।
बस की खराब हालत को बताया हादसे की वजह
घायल पर्यटकों ने बस की स्थिति पर सवाल उठाए हैं। घायल पर्यटक माही ने बताया कि बस में करीब 40 लोग सवार थे और वे तीरथगढ़ जलप्रपात देखने जा रहे थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार बस करीब 15 साल से ज्यादा पुरानी बताई जा रही है वहीं, घायल पर्यटक कुंदन के अनुसार, बस की हालत ठीक नहीं थी। घाट में चढ़ाई के दौरान बस ऊपर नहीं चढ़ पाई, जिसके बाद हादसा हो गया। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

पुलिस ने क्रेन की मदद से हटवाई बस, यातायात बहाल
बस पलटने के बाद मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया और जाम की स्थिति निर्मित हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस जवान मौके पर पहुंचे। इसके बाद क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद रास्ता साफ कर यातायात बहाल कराया गया।
दो शिक्षकों सहित विद्यार्थियों के होने की जानकारी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विद्यार्थियों के साथ शिक्षक कृष्णकांत देहलहरे और भारती चंद्राकर सहित एक अन्य शिक्षक भी मौजूद थे। हादसे के बाद सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, विद्यार्थियों और उनके साथ गए शिक्षकों को वापस बालोद जिले लाने के लिए दूसरी बस की व्यवस्था किए जाने की संभावना जताई गई है। देर रात तक उनकी वापसी कराए जाने की बात सामने आई है। फिलहाल हादसे में घायलों का उपचार जारी है। बस की तकनीकी स्थिति और दुर्घटना के वास्तविक कारणों को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।













