रायपुर के शासकीय जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय में स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञता की करेंगे पढ़ाई, उपलब्धि से पाररास सहित पूरे शहर में हर्ष
बालोद। प्रतिभा, परिश्रम और दृढ़ संकल्प के दम पर बालोद के युवाओं ने लगातार अपनी पहचान बनाई है। इसी कड़ी में शहर के वार्ड क्रमांक 20 पाररास में पले-बढ़े होनहार युवा डॉ. शशांक तेलासी (सोनू) ने चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल कर बालोद का गौरव बढ़ाया है। उनका चयन रायपुर स्थित शासकीय जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय में स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञता (एमडी/एमएस) की स्नातकोत्तर पढ़ाई के लिए हुआ है। उनकी इस सफलता से परिवार, मित्रों और शुभचिंतकों में उत्साह का माहौल है।
डॉ. शशांक की यह उपलब्धि वर्षों की मेहनत, निरंतर अध्ययन और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा बालोद के संत कबीर पब्लिक स्कूल से प्राप्त की। इसके बाद कक्षा 9वीं एवं 10वीं की पढ़ाई संत जेवियर पब्लिक स्कूल, धमतरी से पूरी की। चिकित्सा के क्षेत्र में करियर बनाने के संकल्प के साथ उन्होंने कक्षा 11वीं और 12वीं की पढ़ाई राजस्थान के कोटा में की, जहां उन्होंने स्कूली शिक्षा के साथ मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी भी जारी रखी।
उनकी मेहनत को वर्ष 2020 में उस समय बड़ी सफलता मिली, जब उन्होंने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) उत्तीर्ण की। इसके आधार पर उनका चयन रायपुर के शासकीय जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय में एमबीबीएस की पढ़ाई के लिए हुआ। यहां से चिकित्सा शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने एक बार फिर स्नातकोत्तर मेडिकल प्रवेश परीक्षा में सफलता हासिल की। अब इसी प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थान में स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञता की पढ़ाई के लिए उनका चयन हुआ है।
डॉ. शशांक की इस उपलब्धि के पीछे परिवार का निरंतर सहयोग और मार्गदर्शन भी महत्वपूर्ण रहा है। उनके पिता राजेश तेलासी बालोद में मुख्य स्टेशन प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं, जबकि माता हर्षा तेलासी गृहिणी हैं। उनकी बड़ी बहन कोकिला तेलासी भी जगदलपुर मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही हैं। परिवार में चिकित्सा शिक्षा के प्रति इस लगाव और शैक्षणिक उपलब्धियों ने डॉ. शशांक के सफर को और प्रेरणादायक बना दिया है।
बालोद की गलियों से निकलकर चिकित्सा शिक्षा के प्रतिष्ठित संस्थान तक पहुंचने वाले डॉ. शशांक की सफलता निश्चित रूप से शहर के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी इस उपलब्धि पर परिजनों, मित्रों और शहरवासियों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। अब उनसे चिकित्सा के क्षेत्र में विशेषज्ञता हासिल कर समाज और मानव सेवा में महत्वपूर्ण योगदान देने की उम्मीदें जुड़ी हैं।













