Skip to main content

प्रदेश रूचि

सुशासन और जनभागीदारी से विकास की नई पहचान बना बालोद, 15 नवाचारी पहलों ने बढ़ाया जिले का गौरव

जल संरक्षण, सौर ऊर्जा, ग्रामीण विकास से लेकर स्वास्थ्य, शिक्षा और कृषि तक जिले की उल्लेखनीय उपलब्धियां; प्रभारी सचिव भुवनेश यादव ने की सराहना, अधिकारियों को समन्वय के साथ बेहतर परिणाम देने के निर्देश

बालोद। सुशासन, जनभागीदारी और नवाचार के समन्वय से बालोद जिला विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। जल संरक्षण, सौर ऊर्जा, ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, पोषण, कृषि, शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में जिले की उपलब्धियां अब प्रदेश स्तर पर पहचान बना रही हैं। जिले की इन उपलब्धियों और 15 प्रमुख नवाचारी पहलों की जानकारी जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में प्रस्तुत की गई। प्रभारी सचिव भुवनेश यादव ने जिले की कार्यप्रणाली और नवाचारों की सराहना करते हुए अधिकारियों को आपसी समन्वय, सहयोग और जवाबदेही के साथ कार्य करने तथा बालोद को प्रदेश के अग्रणी जिलों में शामिल करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने बैठक में जिले की विकास यात्रा, विभिन्न विभागों की प्रगति और शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। समीक्षा के दौरान जिले में संचालित योजनाओं की उपलब्धियों के साथ भविष्य की कार्ययोजनाओं पर भी चर्चा की गई।

जल संरक्षण में राष्ट्रीय पहचान, सौर ऊर्जा में आत्मनिर्भरता की पहल

जल संरक्षण के क्षेत्र में बालोद जिले ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। ‘जल संचय, जनभागीदारी 1.0’ अभियान में पूर्वी क्षेत्र में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर जिले को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा 2 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि से सम्मानित किया जा चुका है। अभियान के तहत जिले में 1 लाख 6 हजार 677 नई जल संरचनाओं का निर्माण किया गया, जबकि 30 हजार 849 पुराने जल स्रोतों की मरम्मत एवं सफाई कराई गई। आईआईटी भिलाई के सहयोग से ‘नीर चेतना अभियान’ के माध्यम से तांदुला नदी के पुनर्जीवन की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

जल जीवन मिशन के अंतर्गत जिले के 1 लाख 76 हजार 198 ग्रामीण परिवारों में से 1 लाख 60 हजार 223 परिवारों को घरेलू नल कनेक्शन उपलब्ध कराए जा चुके हैं। सभी 690 गांवों में कार्य प्रारंभ हो चुका है, जबकि 442 गांवों में जलापूर्ति शुरू हो गई है। इनमें 365 गांव हर घर जल प्रमाणित हो चुके हैं। कनेरी समूह जल प्रदाय योजना के माध्यम से गुरुर विकासखंड के 27 गांवों के 9,588 परिवारों को पेयजल उपलब्ध कराने की पहल भी महत्वपूर्ण है।

वहीं प्रोजेक्ट दिनकर और पीएम सूर्य घर योजना के तहत 28 ग्राम पंचायतों के 515 शासकीय बिजली कनेक्शनों पर 1,365 किलोवाट क्षमता के सौर संयंत्र स्थापित किए गए हैं। इससे आगामी 25 वर्षों में 22.79 करोड़ रुपये की बचत का अनुमान है। नारागांव के 150 घरों में बिना हितग्राही अंशदान के सोलर पैनल लगाए गए हैं, जबकि कचांदुर को मॉडल सोलर ग्राम के रूप में विकसित किया जा रहा है। दूसरी ओर सियादेवी इको-टूरिज्म एवं राफ्टिंग केंद्र से पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ 100 से अधिक लोगों के लिए आजीविका के अवसर भी सृजित हुए हैं।

 

पंचायतों के प्रदर्शन में बालोद की मजबूत स्थिति, आवास योजना में प्रदेश में तीसरा स्थान

सुशासन और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में भी जिले ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। पंचायत उन्नति सूचकांक 2.0 में ग्राम पंचायत झलमला ने 78.77 अंक हासिल कर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। राज्य की शीर्ष 10 पंचायतों में बालोद जिले की पांच पंचायतें शामिल हैं।

जिले की सभी 364 ग्राम पंचायतों में संचालित अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों के माध्यम से अब तक 4 लाख 41 हजार 732 लेन-देन किए गए हैं और 75.53 करोड़ रुपये का वितरण हुआ है। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत 93.75 प्रतिशत आवास पूर्ण कर जिला प्रदेश में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है।

सामाजिक सुरक्षा के मोर्चे पर जिले की सभी 436 ग्राम पंचायतों और 9 नगरीय निकायों को बाल विवाह मुक्त घोषित किया गया है। वहीं 74,388 हितग्राहियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि सीधे बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही है। जिला निःशक्त पुनर्वास केंद्र के माध्यम से कृत्रिम अंग वितरण और विशेष शिविरों के जरिए जरूरतमंदों को लाभान्वित किया जा रहा है।

स्वास्थ्य और पोषण के क्षेत्र में नवाचार, महिला समूहों को मिला रोजगार

स्वास्थ्य एवं पोषण के क्षेत्र में भी जिले ने कई सकारात्मक पहल की हैं। टीबी उन्मूलन अभियान के तहत वर्ष 2026 में अब तक 18,267 जांचें की गईं। जनवरी से अक्टूबर तक 632 मरीजों की पहचान हुई, जिनमें से 437 मरीजों को फूड बास्केट उपलब्ध कराई गई। टीबी मुक्त पंचायत अभियान के तहत वर्ष 2024 में 72 और वर्ष 2025 में 96 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया गया।

महिला सशक्तीकरण की दिशा में बिहान योजना के अंतर्गत महिला स्व-सहायता समूहों ने 81 हजार रिफ्रेश सैनिटरी पैड का निर्माण एवं विक्रय कर 6.60 लाख रुपये की आय अर्जित की है। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में एक ही दिन में 2 लाख 72 हजार 483 पौधे रोपित किए गए। वहीं ‘मिशन गोद’ के माध्यम से 673 गंभीर कुपोषित बच्चों की देखभाल की गई, जिनमें 55 प्रतिशत बच्चे गंभीर कुपोषण से बाहर आए।

कृषि में फसल विविधीकरण, विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की तैयारी

कृषि क्षेत्र में फसल चक्र परिवर्तन और विविधीकरण को प्रोत्साहित करने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। रबी वर्ष 2025-26 में 4,657 हेक्टेयर क्षेत्र में फसल परिवर्तन किया गया, जबकि 125 हेक्टेयर में कुसुम की खेती प्रारंभ की गई है। शिक्षा के क्षेत्र में विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए एआई, रोबोटिक्स, एनाटॉमी और एसटीईएम आधारित विज्ञान केंद्र विकसित किए जा रहे हैं, जिससे विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकी जरूरतों के अनुरूप तैयार किया जा सके।

धान खरीदी में पारदर्शिता के लिए सख्त निगरानी, अनियमितताओं पर कार्रवाई

खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में जिले के सभी 161 धान उपार्जन केंद्रों में खरीदी कार्य संचालित किया जा रहा है। बैठक में दी गई जानकारी के अनुसार अब तक 9,050 किसानों से 32,503.04 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है।

धान खरीदी में पारदर्शिता और अनियमितताओं पर नियंत्रण के लिए जिला एवं तहसील स्तर पर निगरानी दल गठित किए गए हैं। अनियमितता पाए जाने पर 93 केंद्रों के कंप्यूटर ऑपरेटरों का स्थानांतरण किया गया, 8 ऑपरेटरों की सेवाएं समाप्त की गईं तथा एक समिति प्रबंधक को खरीदी कार्य से पृथक किया गया है। रकबा सुधार के 5,743 प्रारंभिक प्रकरणों में से 4,363 किसानों के रकबे का सुधार किया जा चुका है। सभी उपार्जन केंद्रों में मोबाइल ऐप के माध्यम से भौतिक सत्यापन भी कराया गया है।

आदिवासी विद्यार्थियों ने खेल और शिक्षा में हासिल की उपलब्धियां

आदिवासी विकास विभाग के अंतर्गत संचालित संस्थानों के विद्यार्थियों ने खेल और शिक्षा दोनों क्षेत्रों में जिले का गौरव बढ़ाया है। आदिवासी बालक क्रीड़ा परिसर डौण्डी के तीन विद्यार्थियों का चयन राष्ट्रीय स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता के लिए हुआ है। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय डौण्डी के 11 विद्यार्थियों ने राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता के लिए स्थान बनाया है।

शैक्षणिक उपलब्धियों की बात करें तो विद्यालय के तीन विद्यार्थियों ने जेईई मेन्स परीक्षा उत्तीर्ण की है, जबकि एक विद्यार्थी का चयन फैशन टेक्नोलॉजी में हुआ है। सत्र 2025-26 में विद्यालय का कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत तथा कक्षा 12वीं का परीक्षा परिणाम 98 प्रतिशत रहा।

बालोद को प्रदेश का अग्रणी जिला बनाने सामूहिक प्रयास जरूरी : भुवनेश यादव

समीक्षा बैठक के समापन पर प्रभारी सचिव भुवनेश यादव ने जिले की विकास गतिविधियों, नशामुक्ति अभियान की तैयारियों, जनजातीय विकास विभाग के कार्यों और विभिन्न नवाचारी प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि बालोद एक सुंदर जिला है और यहां की टीम बेहतर कार्य कर रही है। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आपसी समन्वय, सहयोग और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना चाहिए, ताकि जिले में योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन हो और आम जनता को उनका वास्तविक लाभ मिल सके। उन्होंने सामूहिक प्रयासों से बालोद को बेहतर परिणामों के साथ प्रदेश में अग्रणी बनाने का आह्वान किया।

बैठक में पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील कुमार चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर सुरेन्द्र प्रसाद वैद्य, जीएल यादव, नूतन कंवर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!