Skip to main content

प्रदेश रूचि

शासकीय योजनाओं की धीमी प्रगति पर सीईओ सख्त, समय-सीमा में लक्ष्य पूरा करने के निर्देश

वीबी-जीरामजी के स्वीकृत कार्य तत्काल शुरू करने पर जोर, ग्रामीण श्रमिकों को पर्याप्त रोजगार उपलब्ध कराने के निर्देश

बालोद,। जिला पंचायत में शुक्रवार को मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील कुमार चंद्रवंशी की अध्यक्षता में विभिन्न शासकीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीण विकास, रोजगार सृजन, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छता और महिला स्व-सहायता समूहों से जुड़ी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान सीईओ ने अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्यों को पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में वीबी-जीरामजी के अंतर्गत स्वीकृत सभी कार्यों को तत्काल प्रारंभ कराने पर विशेष जोर दिया गया। सीईओ ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में श्रमिकों को पर्याप्त रोजगार उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। रोजगार सृजन से जुड़े कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्वीकृत कार्यों की शुरुआत सुनिश्चित करने और श्रमिकों को नियमित रूप से रोजगार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

प्रधानमंत्री आवास निर्माण में तेजी लाने के निर्देश

प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की समीक्षा के दौरान स्वीकृत सभी आवासों का निर्माण शीघ्र प्रारंभ कराने और अधूरे आवासों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। सीईओ ने अधिकारियों को आवास निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा हितग्राहियों को निर्माण में आने वाली समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने को कहा।

14 दिसंबर तक पंचायतों को माहवारी स्वच्छता प्रबंधन के लिए तैयार करने का लक्ष्य

स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण के अंतर्गत माहवारी स्वच्छता प्रबंधन को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। प्रथम चरण में जिले के प्रत्येक विकासखंड से पांच-पांच ग्राम पंचायतों का चयन कर उन्हें 14 दिसंबर तक कपड़ा मुक्त ग्राम पंचायत बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए आवश्यक गतिविधियों का समयबद्ध संचालन करने और अभियान की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

महिला स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों की समीक्षा

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत संचालित गतिविधियों की भी एजेंडावार समीक्षा की गई। सीईओ ने संबंधित अधिकारियों को महिला स्व-सहायता समूहों से जुड़ी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने और निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति के लिए गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए।

बैठक के अंत में सीईओ ने सभी विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने को कहा। उन्होंने योजनाओं की प्रगति में सुधार लाने, नियमित मॉनिटरिंग करने और कार्यों में आपसी समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया, ताकि शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों को तय समय-सीमा में पूरा किया जा सके। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!