जगतरा की बेटी ने दुर्ग के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में वायुमंडलीय कवक पर किया महत्वपूर्ण शोध, हेमचंद यादव विश्वविद्यालय ने शोध प्रबंध को दी स्वीकृति
बालोद/दुर्ग। जिले के जगतरा गांव की मानसी वी. साहू ने उच्च शिक्षा और वैज्ञानिक अनुसंधान के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल कर बालोद को गौरवान्वित किया है। माइक्रोबायोलॉजी विषय में शोध कार्य पूरा करने के बाद हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग ने उन्हें पीएचडी उपाधि प्रदान किए जाने के लिए पात्र घोषित किया है। उनकी इस सफलता से परिवार, गांव और जिले में हर्ष का माहौल है।
मानसी साहू का शोध विषय “Aero-mycological Studies in Primary Health Centres of Durg, Chhattisgarh” रहा। इस शोध के माध्यम से उन्होंने दुर्ग जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में वायुमंडलीय कवक यानी हवा में मौजूद फंगस का वैज्ञानिक अध्ययन किया। स्वास्थ्य केंद्रों के वातावरण में मौजूद सूक्ष्मजीवों की पहचान और उनके अध्ययन से जुड़ा यह शोध माइक्रोबायोलॉजी एवं स्वास्थ्य विज्ञान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
हेमचंद यादव विश्वविद्यालय ने 25 नवंबर 2026 को जारी अधिसूचना क्रमांक 695/Conf./Ph.D./2026 में परीक्षकों की रिपोर्ट और मौखिक परीक्षा (Viva-Voce) के परिणाम के आधार पर मानसी के शोध प्रबंध को स्वीकार करते हुए उन्हें पीएचडी उपाधि के लिए पात्र घोषित किया है। उन्होंने अपना शोध कार्य शासकीय वाई.वाई.टी. स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय, दुर्ग के माइक्रोबायोलॉजी विभाग के शोध केंद्र से पूरा किया। उनके शोध निर्देशक डॉ. रंजना श्रीवास्तव रहीं।
मानसी की इस उपलब्धि के पीछे वर्षों की मेहनत, लगन और शोध के प्रति समर्पण रहा है। उनकी शैक्षणिक सफलता की एक खास बात यह भी है कि उन्होंने छोटे से गांव जगतरा से निकलकर उच्च शिक्षा और वैज्ञानिक अनुसंधान के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई है।
मानसी उच्च शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त प्राचार्य डॉ. कोमल सिंह शार्वा एवं वनिता शार्वा की बेटी हैं। वह बालोद की पूर्व जनपद अध्यक्ष प्रेमलता साहू एवं धर्मेश साहू की पुत्रवधू हैं। उनकी इस उपलब्धि पर पति विक्रम भारतीय साहू, बेटी गार्गी साहू, बड़े भाई विकास साहू, कंचन साहू, श्रेयांश एवं दिव्यांश सहित पूरे साहू परिवार और रिश्तेदारों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बधाई दी है।
छात्राओं के लिए बनीं प्रेरणा
मानसी की यह उपलब्धि केवल एक शैक्षणिक सफलता नहीं, बल्कि उन युवाओं के लिए प्रेरणा भी है, जो उच्च शिक्षा और शोध के क्षेत्र में आगे बढ़ने का सपना देखते हैं। विशेषकर ग्रामीण परिवेश की छात्राओं के लिए उनकी सफलता यह संदेश देती है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, निरंतर परिश्रम और सही मार्गदर्शन के बल पर बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं। मानसी ने अपनी मेहनत से जगतरा गांव को नई पहचान दिलाई है और बालोद जिले के गौरव में एक नया अध्याय जोड़ दिया है।













