कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा रहे, जबकि अध्यक्षता छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ के उपाध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा ने की। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने सेवा ज्योति कलश का पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

यज्ञदत्त शर्मा ने सेवा और जनभागीदारी को बताया अभियान का आधार
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे यज्ञदत्त शर्मा ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ समाज में सेवा, सहयोग और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी के माध्यम से सेवा के कार्यों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाया जा सकता है। सेवा ज्योति कलश कार्यकर्ताओं और नागरिकों को राष्ट्रहित में निरंतर योगदान देने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास और जनकल्याण से जुड़े अनेक कार्य किए जा रहे हैं। विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है।

सेवा केवल दायित्व नहीं, समाज के प्रति जिम्मेदारी : टंकराम वर्मा
मुख्य अतिथि राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की यात्रा के रूप में देखे जाते हैं। उन्होंने कहा कि जनसेवा केवल राजनीतिक दायित्व नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी है। प्रत्येक कार्यकर्ता और नागरिक को सेवा भावना के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा गरीब, किसान, महिला, युवा एवं वंचित वर्गों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने विकसित भारत के लक्ष्य में सभी वर्गों से अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

राष्ट्रहित में निरंतर कार्य करने का आह्वान
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सार्वजनिक जीवन सेवा और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण का उदाहरण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन के माध्यम से जनसेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ जनसेवा, समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों की सहायता तथा विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी से मानपुर-मोहला में आयोजित सेवा ज्योति कलश कार्यक्रम में उत्साह का माहौल रहा और आयोजन के माध्यम से सेवा, समर्पण एवं राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया गया।













