बालोद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत बुधवार को जिला मुख्यालय बालोद में भव्य सेवा ज्योति कलश यात्रा निकाली गई। सरदार वल्लभभाई पटेल मैदान से शुरू हुई यात्रा दल्ली चौक, नया बस स्टैंड और संजारी क्लब होते हुए अटल परिसर पहुंची। यात्रा में जिलेभर से बड़ी संख्या में नागरिक, मातृशक्ति, युवा, जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। पूरे मार्ग में सेवा, राष्ट्र प्रथम और विकसित भारत के संकल्प का संदेश दिखाई दिया।

राष्ट्र सेवा का अवसर मिलना अमूल्य सौभाग्य : प्रधानमंत्री मोदी
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन सुना। प्रधानमंत्री ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को सरकार के मुखिया के रूप में दायित्व संभालने के बाद जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होना जनता-जनार्दन के निरंतर आशीर्वाद और विश्वास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि इन 25 वर्षों का वास्तविक मूल्यांकन इस आधार पर होना चाहिए कि देश विकास के क्षेत्र में कहां से कहां पहुंचा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्ट्र की सेवा का अवसर मिलना उनके लिए अमूल्य सौभाग्य है। स्पष्ट नीति और साफ नीयत के साथ किए गए प्रयासों से चुनौतियां भी अवसरों में बदल जाती हैं। उन्होंने सुशासन के मूल मंत्र ‘सैचुरेशन’ यानी संतृप्ति पर जोर देते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक शत-प्रतिशत पहुंचना चाहिए, ताकि कोई भी हकदार व्यक्ति अपने अधिकार से वंचित न रहे।
उन्होंने देश के 140 करोड़ नागरिकों की सामूहिक शक्ति का आह्वान करते हुए वर्ष 2047 तक भारत को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य के लिए पूरी निष्ठा और ऊर्जा के साथ कार्य करने का संदेश दिया।

ईमानदारी से कर्म करना ही सच्चा राष्ट्र धर्म : लक्ष्मी वर्मा
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहा सेवा संकल्प अभियान सेवा, समर्पण और राष्ट्र के प्रति संकल्प की भावना को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि भारत को विश्व पटल पर सशक्त राष्ट्र के रूप में स्थापित करना किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक के सामूहिक प्रयास से संभव है।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने के लिए समाज के हर वर्ग को अपने दायित्व का पूरी निष्ठा से निर्वहन करना होगा। मजदूर हो या किसान, व्यापारी हो या कर्मचारी—हर व्यक्ति अपने कार्य को राष्ट्र सेवा और अपना धर्म मानकर ईमानदारी से करे। जब प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए कर्तव्य निभाएगा, तभी देश के विकास और स्वाभिमान को नई मजबूती मिलेगी।

राष्ट्र प्रथम के संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित नागरिकों ने राष्ट्र प्रथम, जनसेवा और विकसित भारत 2047 की भावना के साथ समाज सेवा तथा देश के सर्वांगीण विकास में अपना योगदान देने का संकल्प लिया। सेवा ज्योति कलश यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी ने कार्यक्रम को व्यापक जनसहभागिता का स्वरूप दिया।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, नगर पालिका परिषद बालोद की अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष तारणी पुष्पेंद्र चंद्राकर, राज्य एथलेटिक संघ के उपाध्यक्ष सौरभ लूनिया, जिला पंचायत उपाध्यक्ष तोमन साहू, नगर पंचायत गुंडरदेही अध्यक्ष प्रमोद जैन, नगर पंचायत डौंडीलोहारा अध्यक्ष लाल निवेंद्र सिंह टेकाम, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि चेमन देशमुख, राकेश यादव, कृष्णकांत पवार, पवन साहू, अभिषेक शुक्ला, देवेंद्र माहला सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।













