Skip to main content

प्रदेश रूचि

“स्कूलों में निरीक्षण के दौरान खुली लापरवाही की पोल, कहीं मेन्यू गायब तो कहीं शिक्षक मिले नदारद”

स्कूलों के निरीक्षण में मिली लापरवाही, DEO ने जताई नाराजगी,मध्याह्न भोजन के मेन्यू से लेकर शिक्षण व्यवस्था तक खामियां, अनुपस्थित शिक्षकों को नोटिस के निर्देश

बालोद। जिले में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से जिला शिक्षा अधिकारी दीपक कुमार दुबे और एपीसी आरआर कृदत ने विभिन्न स्कूलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई स्कूलों में मध्याह्न भोजन, शिक्षण व्यवस्था और शिक्षकों की उपस्थिति को लेकर लापरवाही सामने आई। इस पर जिला शिक्षा अधिकारी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों और शिक्षकों को व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के निर्देश दिए।

माध्यमिक शाला सुरेगांव के निरीक्षण के दौरान मध्याह्न भोजन में निर्धारित मेन्यू का पालन नहीं पाया गया। स्कूल में पोषण वाटिका भी स्थापित नहीं थी। वहीं, मध्याह्न भोजन में मानक के अनुरूप दाल उपलब्ध नहीं कराई जा रही थी। इन अव्यवस्थाओं पर जिला शिक्षा अधिकारी ने नाराजगी जताते हुए संबंधितों को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।

इसी क्रम में हायर सेकेंडरी स्कूल पीनका पार के निरीक्षण में प्रभारी प्राचार्य कमलेश कुमार, सहायक शिक्षक विज्ञान हंस कुमार सोनकर और सहायक शिक्षक विज्ञान वीरेंद्र कुमार चनाप अनुपस्थित मिले। निरीक्षण के दौरान किसी भी शिक्षक द्वारा पाठ योजना तैयार नहीं किया जाना भी सामने आया। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी को अनुपस्थित पाए गए कर्मचारियों को तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

शिक्षण व्यवस्था पर भी जताई नाराजगी

हायर सेकेंडरी स्कूल सुरेगांव और हायर सेकेंडरी स्कूल भंडेरा में शिक्षण कार्य की स्थिति पर भी जिला शिक्षा अधिकारी ने असंतोष जताया। उन्होंने संबंधित शिक्षकों को शिक्षण कार्य में तत्काल सुधार लाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान स्पष्ट किया गया कि विद्यार्थियों की शिक्षा की गुणवत्ता और मध्याह्न भोजन की व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी निरीक्षण के दौरान एबीओ अश्विन कुमार साहू भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!