Skip to main content

प्रदेश रूचि

चार वार्डों में विकास कार्यों को मिली गति, नाली से लेकर स्ट्रीट और हाईमास्ट लाइट का होगा विस्तार

नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी ने किया भूमि पूजन, गुणवत्ता और समय-सीमा का पालन करने के दिए निर्देश

बालोद। शहर में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और वार्डों में विकास कार्यों को गति देने की दिशा में नगर पालिका ने पहल तेज कर दी है। इसी क्रम में मंगलवार को नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा संतोष चौधरी ने शहर के विभिन्न वार्डों में स्वीकृत विकास कार्यों का विधिवत भूमि पूजन किया। लंबे समय से लंबित मांगों पर कार्य शुरू होने से संबंधित वार्डों के नागरिकों में उत्साह का माहौल रहा।

नगरवासियों की आवश्यकताओं और पार्षदों की अनुशंसा को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका अध्यक्ष की पहल पर इन विकास कार्यों को स्वीकृति दी गई है। भूमि पूजन के दौरान अध्यक्ष ने विधिवत पूजा-अर्चना कर श्रीफल अर्पित किया और निर्माण कार्यों की आधारशिला रखी।

चार वार्डों में होंगे प्रमुख विकास कार्य

नगर पालिका के अनुसार वार्ड क्रमांक 14 में आरसीसी नाली निर्माण कराया जाएगा। वहीं वार्ड क्रमांक 1 में बुनियादी शाला से बाईपास बाघमरा रेलवे क्रॉसिंग तक करीब 200 पोल पर स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य किया जाएगा। इसके अलावा वार्ड क्रमांक 16 और वार्ड क्रमांक 4 स्थित बुधवार बाजार बालोद में हाईमास्ट लाइट लगाने के कार्य का भी भूमि पूजन किया गया।

आरसीसी नाली निर्माण से वार्ड में जल निकासी की समस्या के समाधान में मदद मिलने की उम्मीद है। वहीं स्ट्रीट लाइट और हाईमास्ट लाइट लगने के बाद प्रमुख मार्गों, बाजार क्षेत्र और सार्वजनिक स्थानों पर रात के समय प्रकाश व्यवस्था बेहतर होगी। इससे आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।

गुणवत्ता से समझौता नहीं करने के निर्देश

भूमि पूजन के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा चौधरी ने संबंधित ठेकेदार और निर्माण एजेंसी को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप किए जाएं और निर्माण में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। उन्होंने निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कर नागरिकों को जल्द सुविधाओं का लाभ पहुंचाने पर भी जोर दिया।

अध्यक्ष ने कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने और निर्माण की गुणवत्ता की नियमित निगरानी करने के निर्देश भी दिए।

मांग पूरी होने पर वार्डवासियों में उत्साह

लंबे समय से चली आ रही मांगों पर विकास कार्य शुरू होने से संबंधित वार्डों के नागरिकों में उत्साह देखा गया। नागरिकों ने नाली निर्माण, स्ट्रीट लाइट और हाईमास्ट लाइट जैसे कार्यों को वार्ड की मूलभूत सुविधाओं के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए नगर पालिका अध्यक्ष एवं परिषद के प्रति आभार जताया।

इस अवसर पर आशा पटेल, गोमती रात्रे, सुनीता मनहर, श्यामा यादव, कांति साहू, पुष्पा साहू, परी साहू, मंजू साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!