लोकतंत्र बचाओ सप्ताह में कांग्रेस का चुनाव आयोग पर निशाना
बालोद। जिला कांग्रेस कमेटी बालोद की ओर से लोकतंत्र बचाओ सप्ताह के तहत शनिवार को राजीव भवन में पत्रकारवार्ता आयोजित की गई। इसमें कांग्रेस नेताओं ने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR), चुनावी पारदर्शिता और मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े मुद्दे उठाए। कांग्रेस नेताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने तथा उनके खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग भी रखी।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी ने कहा कि हालिया घटनाक्रमों और सार्वजनिक रूप से सामने आई विभिन्न रिपोर्टों के चलते निर्वाचन आयोग की स्वतंत्रता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लंबे समय से मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं, नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया, ईवीएम की विश्वसनीयता तथा चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता से जुड़े मुद्दे उठाती रही है।
हिरवानी ने कहा कि बिहार में वोटर अधिकार यात्रा सहित कर्नाटक, महाराष्ट्र और हरियाणा में सामने आए चुनावी मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने जनता के बीच अभियान चलाया। उन्होंने कहा कि संसद में इंडिया गठबंधन के विरोध प्रदर्शन और निर्वाचन आयोग तक मार्च के माध्यम से चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं जवाबदेही की मांग की गई है।
SIR की प्रक्रिया पर कांग्रेस ने जताई चिंता
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर चिंता जताते हुए आरोप लगाया कि इस प्रक्रिया के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। उन्होंने कहा कि इससे पात्र नागरिकों के मताधिकार प्रभावित होने की आशंका है।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में किसी भी प्रकार का संशोधन पूरी पारदर्शिता और संवैधानिक प्रावधानों के अनुरूप होना चाहिए। हिरवानी ने संविधान के अनुच्छेद 14 में प्रदत्त समानता तथा अनुच्छेद 326 के तहत सार्वभौमिक वयस्क मताधिकार का उल्लेख करते हुए पात्र मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
उन्होंने SIR से जुड़े प्रशासनिक एवं संवैधानिक सवालों की निष्पक्ष जांच की मांग भी रखी।
निर्वाचन आयोग के अनुसार SIR का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई पात्र नागरिक मतदाता सूची से बाहर न रहे और कोई अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो। आयोग ने SIR प्रक्रिया में बूथ लेवल अधिकारियों और राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों की भागीदारी का भी उल्लेख किया है।
मतदाता अधिकारों की रक्षा जरूरी : संगीता सिन्हा
संजारी-बालोद विधायक एवं प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष संगीता सिन्हा ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती नागरिकों के मताधिकार पर निर्भर करती है। मतदाता सूची की विश्वसनीयता को लेकर किसी भी प्रकार का संदेह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर विषय है।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग एक स्वतंत्र संवैधानिक संस्था है और उसकी निष्पक्षता को लेकर जनता का विश्वास बना रहना आवश्यक है। कांग्रेस ने मांग की कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाया जाए, निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली से जुड़े विवादों की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा मतदाता सूची से हटाए गए नामों की समीक्षा कर पात्र मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा की जाए।
विधायक सिन्हा ने कहा कि SIR प्रक्रिया से जुड़े संवैधानिक और प्रशासनिक प्रश्नों का पारदर्शी समाधान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान और सार्वभौमिक वयस्क मताधिकार की रक्षा के लिए संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक मंचों पर अपनी आवाज उठाती रहेगी। कांग्रेस द्वारा आयोजित इस पत्रकारवार्ता में जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष रामजी भाई पटेल, पुरुषोत्तम पटेल, महामंत्री शंभू साहू, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बालोद शहर अध्यक्ष अंचल प्रकाश साहू, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बालोद अध्यक्ष नरेंद्र सिन्हा, वैभव शर्मा, कमल टुवानी, देवेंद्र साहू, सुनील मंडावी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।













