बालोद – बालोद जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा बालोद बाईपास से बघमरा-पड़कीभाट मार्ग पर स्थित गुलाब ढाबा के पास अंधा मोड़ पर हुआ, जहां बाइक ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई।
मृतक की पहचान प्रीतम मंडावी (45 वर्ष), निवासी ग्राम नेवारी खुर्द के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 24 डब्ल्यू 7484 से बालोद से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान अंधा मोड़ पर सामने चल रहे ट्रक क्रमांक एमएच 40 सीएल 2700 के पिछले हिस्से से उसकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मृतक शराब के नशे में था। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
| घटना एक नजर में | |
|---|---|
| स्थान | गुलाब ढाबा के पास, बालोद बाईपास |
| मृतक | प्रीतम मंडावी (45), नेवारी खुर्द |
| वाहन | बाइक सीजी 24 डब्ल्यू 7484 |
| ट्रक नंबर | एमएच 40 सीएल 2700 |
| कार्रवाई | ट्रक जब्त, शव पीएम के लिए भेजा |
पुलिस पहुंची, ट्रक जब्त
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर थाने लाया तथा शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच जारी है।
अंधा मोड़ बना हादसों का कारण
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि बाईपास से बघमरा-पड़कीभाट मार्ग पर दो स्थानों पर बेहद खतरनाक अंधे मोड़ हैं। सड़क किनारे उगी झाड़ियों के कारण दृश्यता प्रभावित रहती है। लोगों का आरोप है कि पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा न तो झाड़ियों की नियमित सफाई कराई जाती है और न ही पर्याप्त चेतावनी संकेतक लगाए गए हैं, जिससे इस मार्ग पर लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं।













