Skip to main content

प्रदेश रूचि

साहू, सोनी और हाईवे ढाबों पर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, अवैध शराब जब्त; नशे में वाहन चलाने वाले 5 पर शिकंजा

ढाबों में पुलिस की दबिश, अवैध शराब जब्त; नशे में वाहन चलाने वाले 5 पर कार्रवाई

बालोद। जिले में अवैध शराब के कारोबार और यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ बालोद पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई की। पुलिस की विशेष टीम और थाना पुरूर की टीम ने संयुक्त रूप से एनएच-30 मार्ग स्थित ढाबों में एक साथ दबिश दी। इस दौरान ग्राम पुरूर के साहू ढाबा और ग्राम बिटोदा के हाईवे ढाबा से बिक्री के लिए रखी गई अवैध देशी शराब बरामद की गई। दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना और एसडीओपी गुरूर माया शर्मा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।

साहू ढाबा से अवैध शराब बरामद

थाना पुरूर पुलिस ने एनएच-30 मार्ग स्थित साहू ढाबा, ग्राम पुरूर में दबिश देकर अवैध शराब बरामद की। मामले में जगत राम साहू (28), पिता मोहित राम साहू, निवासी कुम्हारखान, थाना पुरूर के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।

सोनी और हाईवे ढाबा में भी मिली शराब

इसी तरह सोनी ढाबा , हाईवे ढाबा परिसर में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। यहां बिक्री के लिए अवैध रूप से रखी गई देशी मदिरा बरामद हुई। मामले में शुभम सालुंके (25), पिता पंजाबराव सालुंके, निवासी बिटोदा, जवाहर चौक के पास, थाना पुरूर के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

नशे में वाहन चलाने वालों पर भी शिकंजा

अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई के साथ ही पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर भी सख्ती दिखाई। अभियान के दौरान मोटरयान अधिनियम के तहत कुल 49 मामलों में कार्रवाई की गई। इनमें शराब के नशे में वाहन चलाने वाले 5 वाहन चालक धारा 185 एमव्ही एक्ट के तहत कार्रवाई की जद में आए।

पुलिस के अनुसार अवैध शराब की बिक्री, भंडारण और सेवन के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। साथ ही नशे की हालत में वाहन चलाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी सख्ती बरती जाएगी।

कार्रवाई में इनकी रही भूमिका

कार्रवाई में निरीक्षक नवीन बोरकर, निरीक्षक मुकेश सिंह, रक्षित निरीक्षक रेवती वर्मा, सूबेदार अखिलेश सिंह, निरीक्षक सोन सिंह सोरी, उप निरीक्षक जोगेंद्र साहू, पीएसआई चित्ररेखा खांडे, सहायक उप निरीक्षक अनिल राजपूत, सहायक उप निरीक्षक अजित महोबिया, सहायक उप निरीक्षक लता तिवारी और सहायक उप निरीक्षक देवकुमारी की विशेष भूमिका रही।

बालोद पुलिस ने आम नागरिकों और ढाबा संचालकों से अवैध रूप से शराब का विक्रय, भंडारण अथवा सेवन नहीं करने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने और यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील करते हुए अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने कहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!