17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, सेवा, सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचाने का लक्ष्य
बालोद। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय जुंगेरा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता को अभियान के प्रदेश संयोजक एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने संबोधित किया।
यशवंत जैन ने बताया कि 7 अक्टूबर 2026 को नरेंद्र मोदी के संवैधानिक पद पर रहते हुए जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होंगे। 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई उनकी राजनीतिक एवं जनसेवा की यात्रा प्रधानमंत्री के रूप में राष्ट्रसेवा तक पहुंची है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा सेवा, सुशासन, राष्ट्र निर्माण और देशवासियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव की यात्रा है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर भाजपा द्वारा प्रतिवर्ष सेवा पखवाड़ा आयोजित किया जाता है, लेकिन इस वर्ष 25 वर्षों की सेवा यात्रा पूर्ण होने के कारण 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक एक माह का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सेवा यात्रा, सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं से हुए बदलाव को जनता तक पहुंचाने के साथ ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
गरीब, किसान, युवा और महिलाओं पर फोकस
जैन ने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के जीवन में बदलाव लाने का प्रयास किया गया है। पक्के आवास, राशन, शौचालय, जनधन, उज्ज्वला और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना रहा है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश ने इंफ्रास्ट्रक्चर, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप, मैन्युफैक्चरिंग, रक्षा उत्पादन, अंतरिक्ष, कृषि, खेल और तकनीक सहित विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति की है। वहीं ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’, ‘लखपति दीदी’ और नारी शक्ति वंदन अधिनियम जैसी पहलों के माध्यम से महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की बात भी उन्होंने कही।
सांस्कृतिक विरासत और सुरक्षा को बताया उपलब्धि
भाजपा प्रदेश महामंत्री ने कहा कि सरकार के कार्यकाल में अयोध्या में राम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम, महाकाल लोक और सोमनाथ जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के विकास के साथ देश की सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिली है। उन्होंने आतंकवाद और नक्सलवाद से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किए जाने तथा नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा के साथ विकास को गति देने का भी दावा किया।
जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकास सोच की शुरुआत गुजरात से हुई, जहां नर्मदा परियोजना, ज्योतिग्राम योजना और वाइब्रेंट गुजरात जैसे प्रयासों के माध्यम से विकास को गति मिली। कोरोना महामारी के दौरान आत्मनिर्भर भारत और ‘वोकल फॉर लोकल’ जैसे अभियानों के माध्यम से देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम किया गया।
उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ केवल भाजपा का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी के माध्यम से राष्ट्र निर्माण का अभियान है। विकसित भारत का निर्माण सरकार के साथ देश के नागरिकों की सहभागिता से ही संभव होगा। उन्होंने मीडिया से भी अभियान के संदेश और कार्यक्रमों को व्यापक स्तर पर जनता तक पहुंचाने में सहयोग का आग्रह किया। प्रेस वार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख, जिला महामंत्री राकेश ‘छोटू’ यादव, अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व प्रदेश मंत्री शाहिद खान, जिला मीडिया प्रभारी कमल पनपलिया सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।













