Skip to main content

प्रदेश रूचि

किसी ने बचाई महिला की जान, तो किसी ने टाला बड़ा रेल हादसा; रेल संरक्षा के 4 सजग प्रहरी सम्मानित

बिलासपुर/रायपुर,। रेल परिचालन के दौरान सतर्कता, सूझबूझ और कर्तव्यनिष्ठा दिखाकर संभावित हादसों को टालने में अहम भूमिका निभाने वाले दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के चार कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने मंगलवार को आयोजित संरक्षा बैठक में इन कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया। सम्मानित रेलकर्मियों में एक कर्मचारी ने रेलवे ट्रैक पर कूदी महिला की जान बचाई, जबकि अन्य कर्मचारियों ने रेलवे ट्रैक में आई गड़बड़ी और मालगाड़ियों के वैगनों में हॉट एक्सल जैसी गंभीर तकनीकी खामियों की पहचान कर समय रहते अधिकारियों को सूचना दी।

रेल परिचालन में संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने वाले दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में प्रत्येक माह आयोजित होने वाली संरक्षा बैठक के दौरान ऐसे कर्मचारियों को सम्मानित किया जाता है, जो अपनी सतर्कता और जिम्मेदारी से यात्रियों तथा रेल संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।

महिला की जान बचाकर दिखाई मानवता और सतर्कता

सिलयारी स्टेशन पर पदस्थ स्टेशन मास्टर आनंद प्रकाश उपाध्याय ने ड्यूटी के दौरान रेलवे ट्रैक पर कूदी एक महिला की जान बचाकर सराहनीय कार्य किया। महिला आत्महत्या के इरादे से ट्रैक पर कूदी थी। इस दौरान कर्मचारी की तत्परता से महिला का बहुमूल्य जीवन बचाने में मदद मिली। उनके इस कार्य ने मानवीय संवेदनशीलता के साथ रेल संरक्षा के प्रति उनकी सजगता को भी प्रदर्शित किया।

भारी बारिश के बीच ट्रैक की गड़बड़ी पहचानकर रोकी संभावित अनहोनी

दुर्ग में पदस्थ लोको पायलट (पैसेंजर) महेन्द्र कुमार साहू ने सिकोसा और गुंडरदेही के बीच भारी बारिश के कारण रेलवे ट्रैक में आई अनियमितता को ड्यूटी के दौरान पहचान लिया। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उन्होंने तत्काल ट्रेन पर नियंत्रण किया और संबंधित अधिकारियों को सूचना दी। उनकी सतर्कता से समय रहते आवश्यक कार्रवाई का अवसर मिला और रेल परिचालन में संरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिली।

मालगाड़ी के वैगन में हॉट एक्सल देखकर दी तत्काल सूचना

कोरबा में पदस्थ लोको पायलट (गुड्स) हरेन्द्र कुमार नैला स्टेशन से लॉन्ग हॉल मालगाड़ी का परिचालन कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने विपरीत दिशा से आ रही एक अन्य मालगाड़ी के वैगन में हॉट एक्सल की स्थिति देखी। उन्होंने बिना देरी किए संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दी। समय पर जानकारी मिलने से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने में मदद मिली और संभावित तकनीकी खतरे को गंभीर रूप लेने से रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

गुदमा स्टेशन पर मालगाड़ी के वैगन में हॉट एक्सल की पहचान

डोंगरगढ़ स्टेशन पर पदस्थ वरिष्ठ मालगाड़ी प्रबंधक मयंक भेलोटकर ने ड्यूटी के दौरान गुदमा स्टेशन से गुजर रही एक मालगाड़ी के वैगन में हॉट एक्सल की पहचान की। उन्होंने तत्काल संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दी, जिससे समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सके। उनकी सजगता ने मालगाड़ी के सुरक्षित परिचालन को सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

महाप्रबंधक ने की कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा की सराहना

सम्मान समारोह के दौरान महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने कहा कि रेल परिचालन में संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। कर्मचारियों की सजगता, सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा सुरक्षित रेल संचालन की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने कहा कि इन कर्मचारियों ने अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए जिस तत्परता और समर्पण का परिचय दिया है, वह अन्य रेलकर्मियों के लिए भी प्रेरणादायी है। उन्होंने सभी कर्मचारियों को भविष्य में भी इसी उत्साह और समर्पण के साथ कार्य करने के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर प्रधान मुख्य संरक्षा अधिकारी, विभिन्न विभागों के प्रमुखों सहित रेलवे के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!