आबादी क्षेत्र में भालू दिखाई देने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम सक्रिय हो गई। टीम ने मौके के आसपास निगरानी बढ़ाते हुए भालू की गतिविधियों पर नजर रखना शुरू कर दिया है। वहीं, वार्ड क्रमांक 15 में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क रहने की अपील की जा रही है।

वन विभाग ने लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा है कि सुबह के समय और देर रात अकेले घर से बाहर निकलने से बचें। यदि किसी व्यक्ति को भालू दिखाई देता है तो उसके करीब जाने, उसे छेड़ने या देखने के लिए भीड़ लगाने की कोशिश न करें। इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दें, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
लगातार दूसरी बार भालू के आबादी क्षेत्र में पहुंचने से यह सवाल भी उठ रहा है कि आखिर जंगल क्षेत्र से निकलकर भालू शहर के रिहायशी इलाके तक क्यों पहुंच रहा है। फिलहाल वन विभाग की टीम भालू की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है और लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है।













